स्कन्दमाता माता कौन है?
शारदीय या चैत्र नवरात्रि में पांचवें दिन माँ दुर्गा की स्कन्दमाता के रूप में पूजा की जाती है। माँ दुर्गा ही पार्वती है, कुमार कार्तिकेय का दूसरा नाम स्कन्द है। इन्होंने अपने पुत्र स्कन्द को युद्ध के लिए प्रशिक्षित करने के लिए जो रूप धारण किया वह रूप स्कन्द माता के रूप में प्रचलित हुआ साथ ही भगवान स्कन्द की माता होने के कारण भी इन्हे स्कन्द माता के रूप में जाना जाता है। स्कंदमाता से युद्धकला सीखने के बाद भगवान कार्तिकेय ने तारकासुर का वध किया। स्कंदमाता का स्वरूप मनोरम है। उनकी चार भुजाएं हैं, जिसके कारण वह दो हाथों में कमल का फूल लिए हुए प्रतीत होती हैं। एक हाथ से भगवान स्कन्द जी को बाल रूप में संभाल रखा है और उनका दूसरा हाथ वरमुद्रा में है। माता का वाहन सिंह है। सिंह पर सवार माँ दुर्गा अपने पांचवें स्वरूप स्कंदमाता के रूप में भक्तों के कल्याण के लिए सदैव तत्पर रहती हैं। स्कंदमाता का प्रिय भोग केला और खीर है। इनकी पूजा करने से भक्त की सभी मनोकामनाएं पूरी हो जाती हैं। भक्त को मोक्ष मिलता है। सूर्यमंडल की अधिष्ठात्री देवी होने के कारण इनका उपासक अलौकिक रूप से तेजस्वी एवं कांतिमय हो जाता है। माता को पीली वस्तुएं अति प्रिय हैं इसलिए केसर डालकर खीर बनाएं और माता को भोग लगाएं। नवरात्रि के पांचवें दिन महिलाए लाल फूल और अक्षत सहित सुहाग की सारी सामग्री माँ को अर्पित करें। ऐसा करने से सौभाग्य और संतान की प्राप्ति होती है। इसके साथ ही 5 कन्याओं और 5 बालकों को खीर और मिठाई खिलाने से माँ भगवती प्रसन्न होती हैं। देवी की कृपा से भक्तों को वैभव और ऐश्वर्य की प्राप्ति होती है और साथ ही उनकी सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।
नवरात्रि के नौ दिनों में माँ दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है। इन सभी स्वरूपों की पूजा विधि, मंत्र, भोग और धार्मिक महत्व जानने के लिए: - हमारा नवरात्रि विशेष लेख भी पढ़ें।
स्कन्दमाता की पूजा विधि
नवरात्रि के पांचवें दिन सवेरे स्नान आदि कर शुद्ध हो लें। फिर स्वच्छ कपड़े पहन कर पूजा प्रारभ करें। सर्वप्रथम माता का शृंगार करें और उसके बाद फल, अक्षत, रोली, मिष्ठान, सफ़ेद या पीले फूल आदि माता रानी को अर्पित करें और माता की प्रिय केसर युक्त खीर का भोग लगाएं। अगर आप प्रतिदिन दुर्गा सप्तशती के १३ अध्यायों का पाठ विधिपूर्वक कर सकते हैं तो अति उत्तम है और बहुत फलकारी है। पर अगर समय का अभाव है तो अपनी सुविधानुसार पूरे नौ दिनों में इन १३ अध्यायों का पाठ या श्रवण किया जा सकता है। लेकिन माता के 108 नामों का जाप प्रतिदिन करना अत्यंत आवश्यक और फलकारी होता है। माता के नामों का जाप करते समय इनके नामों का अर्थ भी समझते रहना चाहिए। ऐसा करने से माँ बहुत प्रसन्न होती हैं और उपासक को सुख, समृद्धि और जीवन में सफलता प्राप्त करने का आशीर्वाद प्रदान करती है।
माँ स्कन्दमाता की पंचमी नवरात्रि की पूजा विधि, मंत्र और धार्मिक महत्व की अधिक जानकारी के लिए: - हमारे आचार्य जी से निःशुल्क परामर्श लें और पूजा से जुड़ी अपनी सभी जिज्ञासाओं का समाधान पाएं।
माता जगदंबा के 108 नाम इस प्रकार हैं
1-ॐ सती नमः, 2- ॐ साध्वी नमः, 3- ॐ भवप्रीता नमः (भगवान् शिवपर प्रीति रखनेवाली), 4- ॐ भवानी नमः, 5- ॐ भवमोचनी नमः (संसारबन्धनसे मुक्त करनेवाली), 6- ॐ आर्या नमः, 7- ॐ दुर्गा नमः, 8- ॐ जया नमः, 9- ॐ आद्या नमः, 10 - ॐ त्रिनेत्रा नमः, 11 - ॐ शूलधारिणी नमः, 12- ॐ पिनाकधारिणी नमः, 13 - ॐ चित्रा नमः, 14- ॐ चण्डघण्टा नमः (प्रचण्ड स्वरसे घण्टानाद करनेवाली), 15- ॐ महातपा नमः (भारी तपस्या करनेवाली), 16- ॐ मन नमः (मनन- शक्ति), 17- ॐ बुद्धि नमः (बोधशक्ति), 18- ॐ अहंकारा नमः (अहंताका आश्रय), 19- ॐ चित्तरूपा नमः, 20- ॐ चिता नमः, 21- ॐ चिति नमः (चेतना), 22- ॐ सर्वमन्त्रमयी नमः, 23- ॐ सत्ता नमः (सत्-स्वरूपा), 24- ॐ सत्यानन्दस्वरूपिणी नमः, 25- ॐ अनन्ता नमः (जिनके स्वरूपका कहीं अन्त नहीं), 26 - ॐ भाविनी नमः (सबको उत्पन्न करनेवाली), 27- ॐ भाव्या नमः (भावना एवं ध्यान करनेयोग्य), 28- ॐ भव्या नमः (कल्याणरूपा), 29- ॐ अभव्या नमः (जिससे बढ़कर भव्य कहीं है नहीं), 30 – ॐ सदामति नमः, 31- ॐ शाम्भवी नमः (शिवप्रिया), 32- ॐ देवमाता नमः, 33- ॐ चिन्ता नमः, 34- ॐ रत्नप्रिया नमः, 35- ॐ सर्वविद्या नमः, 36- ॐ दक्षकन्या नमः, 37- ॐ दक्षयज्ञविनाशिनी नमः, 38- ॐ अपर्णा नमः (तपस्याके समय पत्तेको भी न खानेवाली), 39- ॐ अनेकवर्णा नमः (अनेक रंगोंवाली), 40- ॐ पाटला नमः (लाल रंगवाली), 41- ॐ पाटलावती नमः (गुलाबके फूल या लाल फूल धारण करनेवाली), 42- ॐ पट्टाम्बरपरीधाना नमः (रेशमी वस्त्र पहननेवाली), 43- ॐ कलमंजीररंजिनी नमः (मधुर ध्वनि करनेवाले मंजीरको धारण करके प्रसन्न रहनेवाली), 44- ॐ अमेयविक्रमा नमः (असीम पराक्रमवाली), 45- ॐ क्रूरा नमः (दैत्योंके प्रति कठोर), 46- ॐ सुन्दरी नमः, 47- ॐ सुरसुन्दरी नमः, 48 ॐ वनदुर्गा नमः, 49- ॐ मातंगी नमः, 50 - ॐ मतंगमुनिपूजिता नमः, 51- ॐ ब्राह्मी नमः, 52- ॐ माहेश्वरी नमः, 53- ॐ ऐन्द्री नमः, 54- ॐ कौमारी नमः, 55- ॐ वैष्णवी नमः, 56- ॐ चामुण्डा नमः, 57- ॐ वाराही नमः, 58- ॐ लक्ष्मी नमः,59 – ॐ पुरुषाकृति नमः, 60- ॐ विमला नमः, 61- ॐ उत्कर्षिणी नमः, 62- ॐ ज्ञाना नमः,63- ॐ क्रिया नमः, 64- ॐ नित्या नमः, 65- ॐ बुद्धिदा नमः, 66- ॐ बहुला नमः, 67- ॐ बहुलप्रेमा नमः, 68- ॐ सर्ववाहनवाहना नमः, 69- ॐ निशुम्भ-शुम्भहननी नमः,70- ॐ महिषासुरमर्दिनी नमः, 71- ॐ मधुकैटभहन्त्री नमः, 72 - ॐ चण्डमुण्डविनाशिनी नमः,73- ॐ सर्वासुरविनाशा नमः, 74- ॐ सर्वदानवघातिनी नमः,75- ॐ सर्वशास्त्रमयी नमः, 76- ॐ सत्या नमः, 77- ॐ सर्वास्त्रधारिणी नमः, 78- ॐ अनेकशस्त्रहस्ता नमः, 79- ॐ अनेकास्त्रधारिणी नमः, 80- ॐ कुमारी नमः, 81- ॐ एककन्या नमः, 82- ॐ कैशोरी नमः, 83- ॐ युवती नमः, 84- ॐ यति नमः, 85- ॐ अप्रौढा नमः, 86- ॐ प्रौढा नमः, 87- ॐ वृद्धमाता नमः, 88- ॐ बलप्रदा नमः, 89- ॐ महोदरी नमः, 90- ॐ मुक्तकेशी नमः, 91- ॐ घोररूपा नमः, 92- ॐ महाबला नमः, 93- ॐ अग्निज्वाला नमः, 94- ॐ रौद्रमुखी नमः, 95- ॐ कालरात्रि नमः 96- ॐ तपस्विनी नम, 97- ॐ नारायणी नमः, 98- ॐ भद्रकाली नमः, 99- ॐ विष्णुमाया नमः,100 - ॐ जलोदरी नमः, 101 - ॐ शिवदूती नमः, 102- ॐ कराली नमः, 103- ॐ अनन्ता नमः (विनाशरहिता), 104- ॐ परमेश्वरी नमः, 105- ॐ कात्यायनी नमः, 106 - ॐ सावित्री नमः, 107 - ॐ प्रत्यक्षा नमः, 108- ॐ ब्रह्मवादिनी नमः।।
माता अपने भक्तों की भक्ति से प्रसन्न होती हैं न कि दिखावे से इसलिए हम जो भी अपने सामर्थ्य अनुसार करें उसे पूर्ण श्रद्धा और निष्ठा के साथ माता को अर्पित करें और किंचित मात्र भी अहंकार न करें और निरंतर मन मे यह बात रखें की हम सब उन्ही माँ की संतानें है।
माँ दुर्गा शक्ति रूप हैं जो समस्त संसार में हर कण में व्याप्त हैं, यह वही योग निंद्रा हैं जो भगवान विष्णु के हृदय में व्याप्त हैं, जिन्होंने महा विष्णु को भी घोर निंद्रा में डाल कर रखा हुआ है, यही देवी सब प्राणियों में बुद्धि के रूप में स्थित हैं, यही देवी सब प्राणियों में निंद्रा के रूप में स्थित हैं, यही देवी सब प्राणियों में क्षुदा (भूख ) के रूप में स्थित हैं, यही देवी सब प्राणियों में छाया के रूप में स्थित हैं, यही देवी सब प्राणियों मे शक्ति के रूप में स्थित हैं, यही देवी सब प्राणियों मे तृष्णा के रूप में स्थित हैं, यही देवी सब प्राणियों में क्षमा के रूप में स्थित हैं, यही देवी सब प्राणियों में लज्जा के रूप में स्थित हैं, यही देवी सब प्राणियों में शांति के रूप में स्थित हैं, यही देवी सब प्राणियों में कान्ति के रूप में स्थित हैं, यही देवी सब प्राणियों में श्रद्धा के रूप में स्थित हैं, यही देवी सब प्राणियों में लक्ष्मी के रूप में स्थित हैं, यही देवी सब प्राणियों में वृत्ती के रूप में स्थित हैं, यही देवी सब प्राणियों में स्मृति के रूप में स्थित हैं, यही देवी सब प्राणियों में तुष्टि के रूप में स्थित हैं, यही देवी सब प्राणियों में दया के रूप में स्थित हैं, यही देवी सब प्राणियों में माता के रूप में स्थित हैं, यही देवी सब प्राणियों मे भ्रांति के रूप में स्थित हैं यही देवी सब जगह हर एक कण में रहने वाली हैं, यही देवी चैतन्य रूप में सभी जीवों में सम्पूर्ण जगत में व्याप्त हैं यही देवी कल्याणमयी, मंगलमयी और सभी आपत्तियों का नाश करने वाली है। अतः सम्पूर्ण जगत में जो शक्ति सारे कार्य करवा रही है वह शक्ति माँ दुर्गा ही है।
पूरे नवरात्रि उत्सव में इन दुर्गा रूपी कन्याओं को भोजन कराना व उन्हे उनकी पसंदीदा वस्तुएं या अपनी सामर्थ के अनुसार उन्हे वस्तुएं दान करना अतिफलदायी और शुभकारी होता है।
नवरात्रि पर्व के दौरान पूरे नौ दिन कन्याओं को भोजन कराना व उन्हे दान देना शुभ होता है लेकिन अगर आपके पास समय का अभाव है और आप प्रतिदिन कन्याओं को भोज नहीं करा सकतें है तो नौ दिनों में किसी भी दिन कन्याओं को भोजन और वस्तुओं का दान कर सकते हैं। यह परंपरा सनातन काल से चली आ रही है और इसका सामाजिक महत्त्व भी बहुत है। इसका अर्थ यह है कि सनातन समाज ने हमेशा से ही पुरुष और नारी को एक समान माना है। सनातन धर्म के अनुसार नारी शक्ति के बिना पुरुष शक्ति बिल्कुल व्यर्थ है।
एक पुरुष परिवार या वंश के उत्थान में जितनी अहम भूमिका निभाता है उससे कहीं ज्यादा एक नारी अपने परिवार के उत्थान में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस प्रकार यह पर्व नारी का समाज में और कन्या के घर में होने के महत्त्व को दर्शाता है।
चैत्र नवरात्रि 2027 की संपूर्ण जानकारी के लिए पढ़ें: [चैत्र नवरात्रि 2027]।
