Sanatan Logo
Ganesh Logo
Download Astro Sanatanjyoti App
माँ ब्रह्मचारिणी: दूसरे नवरात्रि की पूजा विधि, मंत्र और महत्व
लेखक: रुचि

माँ ब्रह्मचारिणी: दूसरे नवरात्रि की पूजा विधि, मंत्र और महत्व

माँ ब्रह्मचारिणी कौन हैं?

चैत्र नवरात्रि और शारदीय नवरात्रि दोनों में ही माँ ब्रह्मचारिणी की पूजा दूसरे दिन की जाती है। माँ दुर्गा की नौ शक्तियों में ब्रह्मचारिणी दूसरा स्वरूप हैं। पूर्व जन्म में माता पार्वती ने राजा हिमाचल के घर जन्म लिया। देवर्षि नारद जी के उपदेश से प्रभावित होकर प्रभु भोलेनाथ को पति के रूप में पाने के लिए इन्होंने घोर तपस्या करने का संकल्प लिया। भीषण गर्मी, कड़कड़ाती ठंड और तूफानी बारिश भी इनके संकल्प को तोड़ न सकी। तपस्या से प्रसन्न होकर प्रभु भोलेनाथ ने इन्हें अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार कर लिया। तभी से इनका नाम ब्रह्मचारिणी पड़ा। ब्रह्म का अर्थ है तपस्या और चारिणी का अर्थ है आचरण करने वाली। इस प्रकार ब्रह्मचारिणी का अर्थ हुआ तप का आचरण करने वाली। इन्हें तपस्विनी के नाम से भी जाना जाता है। इनके दाहिने हाथ में जप की माला एवं बाएँ हाथ में कमंडल रहता है।

चैत्र नवरात्रि की तिथि, घटस्थापना मुहूर्त, नौ देवियों की पूजा विधि और धार्मिक महत्व के बारे में विस्तार से जानने के लिए पढ़ें: [चैत्र नवरात्रि]। 

दुर्गा सप्तशती के अनुसार जब शुंभ और निशुंभ ने देवी जगदंबा को लाने के लिए चंड और मुंड को भेजा जिनका वध जगदंबिका के शरीर से निकली हुयी विक्रालमुखी काली ने झट से कर दिया। उसके बाद शुंभ और निशुंभ के क्रोध की सीमा न रही और उसने अपनी बहुत भारी सेना जिसमे करोड़ों असुर सेनापति थे, जगदंबा को मारने के लिए भेजा। तब असुरों का संहार करने के लिए जगदंबा के शरीर से उनकी शक्तियां निकली जिनमे सबसे पहले हँसयुक्त विमान पर बैठी हुयी अक्षसूत्र और कमंडलु से सुशोभित ब्रह्मा जी की शक्ति उपस्थित हुयी जिसे ‘ब्राह्मणी’ या ‘ब्रह्मचारिणी’ कहते है।

युद्धस्थल में ब्राह्मणी ने विचरते हुए अपने कमंडलु का जल छिड़क कर शत्रुओं के ओज और पराक्रम को नष्ट कर दिया और बहुत ही आसानी से उन्होंने करोड़ों दैत्यों को मुक्त कर दिया।

प्राप्त फल

भक्त ब्रह्मचारिणी द्वितीया की पूजा से धन, धान्य, और समृद्धि, सौभाग्य, सुख, सम्मान और संतान सुख की प्राप्ति होती है। ब्रह्मचारिणी द्वितीया के दिन की पूजा से ग्रहस्थ जीवन में सुख शांति बनी रहती है। भक्त इस दिन की पूजा से माँ दुर्गा की कृपा प्राप्त कर शक्ति और साहस का सामर्थ्य प्राप्त करते है ।

माँ ब्रह्मचारिणी की पूजा विधि

कलश स्थापना तो प्रथम दिन हो चुकी होती है जो की नौ दिन तक रहती है। दूसरे दिन ब्रह्मचारिणी की पूजा में उनका शृंगार करें और उसके बाद फल, अक्षत, रोली, मिष्ठान, सफ़ेद फूल, सफ़ेद वस्त्र आदि माता रानी को अर्पित करें। माँ भगवती को चीनी का भोग लगाने की परंपरा है। ऐसा माना जाता है कि चीनी चढ़ाने से उपासक को लंबी उम्र मिलती है और वह स्वस्थ रहता है। अगर आप प्रतिदिन दुर्गा सप्तशती के १३ अध्यायों का पाठ विधिपूर्वक कर सकते हैं तो अति उत्तम है और बहुत फलकारी है। पर अगर समय का अभाव है तो अपनी सुविधानुसार पूरे नौ दिनों में इन १३ अध्यायों का पाठ या श्रवण किया जा सकता है। लेकिन माता के 108 नामों का जाप प्रतिदिन करना अत्यंत आवश्यक और फलकारी होता है। माता के नामों का जाप करते समय इनके नामों का अर्थ भी समझते रहना चाहिए। ऐसा करने से मां बहुत प्रसन्न होती हैं और उपासक को सुख, समृद्धि और जीवन में सफलता प्राप्त करने का आशीर्वाद प्रदान करती है।

माँ ब्रह्मचारिणी की द्वितीय नवरात्रि की पूजा विधि, मंत्र और धार्मिक महत्व की अधिक जानकारी के लिए: - हमारे आचार्य जी से निःशुल्क परामर्श लें और पूजा से जुड़ी अपनी जिज्ञासाओं का समाधान पाएं।  

माता जगदंबा के 108 नाम इस प्रकार हैं

1-ॐ सती नमः, 2- ॐ साध्वी नमः, 3- ॐ भवप्रीता नमः (भगवान् शिवपर प्रीति रखनेवाली), 4- ॐ भवानी नमः, 5- ॐ भवमोचनी नमः (संसारबन्धनसे मुक्त करनेवाली), 6- ॐ आर्या नमः, 7- ॐ दुर्गा नमः, 8- ॐ जया नमः, 9- ॐ आद्या नमः, 10 - ॐ त्रिनेत्रा नमः, 11 - ॐ शूलधारिणी नमः, 12- ॐ पिनाकधारिणी नमः, 13 - ॐ चित्रा नमः, 14- ॐ चण्डघण्टा नमः (प्रचण्ड स्वरसे घण्टानाद करनेवाली), 15- ॐ महातपा नमः (भारी तपस्या करनेवाली), 16- ॐ मन नमः (मनन- शक्ति), 17- ॐ बुद्धि नमः (बोधशक्ति), 18- ॐ अहंकारा नमः (अहंताका आश्रय), 19- ॐ चित्तरूपा नमः, 20- ॐ चिता नमः, 21- ॐ चिति नमः (चेतना), 22- ॐ सर्वमन्त्रमयी नमः, 23- ॐ सत्ता नमः (सत्-स्वरूपा), 24- ॐ सत्यानन्दस्वरूपिणी नमः, 25- ॐ अनन्ता नमः (जिनके स्वरूपका कहीं अन्त नहीं), 26 - ॐ भाविनी नमः (सबको उत्पन्न करनेवाली), 27- ॐ भाव्या नमः (भावना एवं ध्यान करनेयोग्य), 28- ॐ भव्या नमः (कल्याणरूपा), 29- ॐ अभव्या नमः (जिससे बढ़कर भव्य कहीं है नहीं), 30 – ॐ सदामति नमः, 31- ॐ शाम्भवी नमः (शिवप्रिया), 32- ॐ देवमाता नमः, 33- ॐ चिन्ता नमः, 34- ॐ रत्नप्रिया नमः, 35- ॐ सर्वविद्या नमः, 36- ॐ दक्षकन्या नमः, 37- ॐ दक्षयज्ञविनाशिनी नमः, 38- ॐ अपर्णा नमः (तपस्याके समय पत्तेको भी न खानेवाली), 39- ॐ अनेकवर्णा नमः (अनेक रंगोंवाली), 40- ॐ पाटला नमः (लाल रंगवाली), 41- ॐ पाटलावती नमः (गुलाबके फूल या लाल फूल धारण करनेवाली), 42- ॐ पट्टाम्बरपरीधाना नमः (रेशमी वस्त्र पहननेवाली), 43- ॐ कलमंजीररंजिनी नमः (मधुर ध्वनि करनेवाले मंजीरको धारण करके प्रसन्न रहनेवाली), 44- ॐ अमेयविक्रमा नमः (असीम पराक्रमवाली), 45- ॐ क्रूरा नमः (दैत्योंके प्रति कठोर), 46- ॐ सुन्दरी नमः, 47- ॐ सुरसुन्दरी नमः, 48 ॐ वनदुर्गा नमः, 49- ॐ मातंगी नमः,50 - ॐ मतंगमुनिपूजिता नमः, 51- ॐ ब्राह्मी नमः, 52- ॐ माहेश्वरी नमः, 53- ॐ ऐन्द्री नमः, 54- ॐ कौमारी नमः, 55- ॐ वैष्णवी नमः, 56- ॐ चामुण्डा नमः, 57- ॐ वाराही नमः, 58- ॐ लक्ष्मी नमः,59 – ॐ पुरुषाकृति नमः, 60- ॐ विमला नमः, 61- ॐ उत्कर्षिणी नमः, 62- ॐ ज्ञाना नमः,63- ॐ क्रिया नमः, 64- ॐ नित्या नमः, 65- ॐ बुद्धिदा नमः, 66- ॐ बहुला नमः, 67- ॐ बहुलप्रेमा नमः, 68- ॐ सर्ववाहनवाहना नमः, 69- ॐ निशुम्भ-शुम्भहननी नमः,70- ॐ महिषासुरमर्दिनी नमः, 71- ॐ मधुकैटभहन्त्री नमः, 72 - ॐ चण्डमुण्डविनाशिनी नमः,73- ॐ सर्वासुरविनाशा नमः, 74- ॐ सर्वदानवघातिनी नमः,75- ॐ सर्वशास्त्रमयी नमः, 76- ॐ सत्या नमः, 77- ॐ सर्वास्त्रधारिणी नमः, 78- ॐ अनेकशस्त्रहस्ता नमः, 79- ॐ अनेकास्त्रधारिणी नमः, 80- ॐ कुमारी नमः, 81- ॐ एककन्या नमः, 82- ॐ कैशोरी नमः, 83- ॐ युवती नमः, 84- ॐ यति नमः, 85- ॐ अप्रौढा नमः, 86- ॐ प्रौढा नमः, 87- ॐ वृद्धमाता नमः, 88- ॐ बलप्रदा नमः, 89- ॐ महोदरी नमः, 90- ॐ मुक्तकेशी नमः, 91- ॐ घोररूपा नमः, 92- ॐ महाबला नमः, 93- ॐ अग्निज्वाला नमः, 94- ॐ रौद्रमुखी नमः, 95- ॐ कालरात्रि नमः 96- ॐ तपस्विनी नम, 97- ॐ नारायणी नमः, 98- ॐ भद्रकाली नमः, 99- ॐ विष्णुमाया नमः,100 - ॐ जलोदरी नमः, 101 - ॐ शिवदूती नमः, 102- ॐ कराली नमः, 103 - ॐ अनन्ता नमः (विनाशरहिता), 104- ॐ परमेश्वरी नमः, 105- ॐ कात्यायनी नमः, 106 - ॐ सावित्री नमः, 107 - ॐ प्रत्यक्षा नमः, 108- ॐ ब्रह्मवादिनी नमः।।

माता अपने भक्तों की भक्ति से प्रसन्न होती हैं न कि दिखावे से इसलिए हम जो भी अपने सामर्थ्य अनुसार करें उसे पूर्ण श्रद्धा और निष्ठा के साथ माता को अर्पित करें और किंचित मात्र भी अहंकार न करें और निरंतर मन मे यह बात रखें की हम सब उन्ही माँ की संतानें है।

माँ दुर्गा शक्ति रूप हैं जो समस्त संसार में हर कण में व्याप्त हैं, यह वही योग निंद्रा हैं जो भगवान विष्णु के हृदय में व्याप्त हैं जिन्होंने महा विष्णु को भी घोर निंद्रा में डाल कर रखा हुआ है यही देवी सब प्राणियों मे बुद्धि के रूप में स्थित हैं, यही देवी सब प्राणियों मे निंद्रा के रूप में स्थित हैं, यही देवी सब प्राणियों मे क्षुदा (भूख )के रूप में स्थित हैं, यही देवी सब प्राणियों मे छाया के रूप में स्थित हैं, यही देवी सब प्राणियों मे शक्ति के रूप में स्थित हैं, यही देवी सब प्राणियों मे तृष्णा के रूप में स्थित हैं, यही देवी सब प्राणियों मे क्षमा के रूप में स्थित हैं यही देवी सब प्राणियों मे लज्जा के रूप में स्थित हैं यही देवी सब प्राणियों मे शांति के रूप में स्थित हैं, यही देवी सब प्राणियों मे कान्ति के रूप में स्थित हैं, यही देवी सब प्राणियों मे श्रद्धा के रूप में स्थित हैं, यही देवी सब प्राणियों मे लक्ष्मी के रूप में स्थित हैं, यही देवी सब प्राणियों मे वृत्ती के रूप में स्थित हैं, यही देवी सब प्राणियों मे स्मृति के रूप में स्थित हैं, यही देवी सब प्राणियों मे तुष्टि के रूप में स्थित हैं, यही देवी सब प्राणियों मे दया के रूप में स्थित हैं, यही देवी सब प्राणियों मे माता के रूप में स्थित हैं, यही देवी सब प्राणियों मे भ्रांति के रूप में स्थित हैं, यही देवी सब जगह हर एक कण में रहने वाली हैं, यही देवी चैतन्य रूप में सभी जीवों में सम्पूर्ण जगत में व्याप्त हैं यही देवी कल्याणमयी, मंगलमयी और सभी आपत्तियों का नाश करने वाली है। अतः सम्पूर्ण जगत में जो शक्ति सारे कार्य करवा रही है वह शक्ति माँ दुर्गा ही है।

नवरात्रि पूजा नौ दिनों का माता दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों का त्योहार होता है। इन दिनों में छोटी छोटी कन्याओं को माता का रूप माना जाता है।

पूरे नवरात्रि उत्सव में इन दुर्गा रूपी कन्याओं को भोजन कराना व उन्हे उनकी पसंदीदा वस्तुए या अपनी सामर्थ के अनुसार उन्हे वस्तुएं दान करना अतिफलदायी और शुभकारी होता है।

नवरात्रि पर्व के दौरान पूरे नौ दिन कन्याओं को भोजन कराना व उन्हे दान देना शुभ होता है लेकिन अगर आपके पास समय का अभाव है और आप प्रतिदिन कन्याओं को भोज नहीं करा सकतें है तो नौ दिनों में किसी भी दिन कन्याओं को भोजन और वस्तुओं का दान कर सकते हैं। यह परंपरा सनातन काल से चली आ रही है और इसका सामाजिक महत्त्व भी बहुत है। इसका अर्थ यह है कि सनातन समाज ने हमेशा से ही पुरुष और नारी को एक समान माना है। सनातन धर्म के अनुसार नारी शक्ति के बिना पुरुष शक्ति बिल्कुल व्यर्थ है।

एक पुरुष परिवार या वंश के उत्थान में जितनी अहम भूमिका निभाता है उससे कहीं ज्यादा एक नारी अपने परिवार के उत्थान में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसप्रकार यह पर्व नारी का समाज में और कन्या के घर में होने के महत्त्व को दर्शाता है।

नवरात्रि के चार प्रकार, पूजा विधि, व्रत के नियम, नौ देवियों की पूजा और धार्मिक महत्व के बारे में विस्तार से जानने के लिए पढ़ें: [नवरात्रि]। 

Youtube
Facebook
Instagram
Astrologer
हम से बात करें