Sanatan Logo
Ganesh Logo
श्री सूक्तम पाठ के लाभ, महत्व और संपूर्ण जानकारी
लेखक: Pawan Shukla

श्री सूक्तम पाठ के लाभ, महत्व और संपूर्ण जानकारी

श्री सूक्तम क्या है?

इस पृथ्वी लोक मे शायद ही ऐसा कोई मनुष्य हो जो सुख समृद्धि , धन,ऐश्वर्य और सफलता की कामना न रखता हो और इन सब की अधिष्ठात्री देवी माँ लक्ष्मी है अतः माता लक्ष्मी जी को शीघ्र प्रसन्न करने के लिए ऋग्वेद में 29 ऋचाओं का उल्लेख किया गया है। ये 29 ऋचायें माता लक्ष्मी को समर्पित है। इनमे से पहली 15 ऋचाएं मूल श्रीसूक्त का निर्माण करती हैं, और अन्य ऋचायें इसके माहात्म्य (महत्व) को दर्शाती है। पहली 15 ऋचाओं द्वारा माता लक्ष्मी की आराधना की जाती है।

ऋग्वेद में माता लक्ष्मी की आराधना के लिए उल्लेखित इन 29 ऋचाओं के संग्रह को ही श्री सूक्तम् कहा जाता है। श्री सूक्तम देवी लक्ष्मी की स्तुति में समर्पित एक दिव्य संस्कृत मंत्र संग्रह है, जो समृद्धि, सौभाग्य और कल्याण की प्राप्ति के लिए किया जाता है। ऋग्वेद में वर्णित इन 29 मंत्रों द्वारा जो जातक श्रद्धापूर्वक माँ लक्ष्मी की आराधना करते है उनके जीवन से आर्थिक तंगी और दरिद्रता हमेशा के लिए दूर हो जाती है। ऐसा माना जाता है कि वह सात जन्मों तक कभी निर्धन नहीं रहते है। माँ लक्ष्मी को खुश करने के लिए अन्य बहुत सारे मंत्र पर है पर उन सब में श्री सूक्तम् का पाठ सर्वोत्तम उपयुक्त माना गया है।

यदि आप धन वृद्धि, आर्थिक स्थिरता, ऋण मुक्ति और माँ लक्ष्मी की कृपा प्राप्ति हेतु श्री सूक्तम् पाठ की वैदिक विधि, धार्मिक महत्व और आध्यात्मिक लाभों के बारे में विस्तार से जानना चाहते हैं तो: - श्री सूक्तम् पाठ अनुष्ठान की संपूर्ण जानकारी प्राप्त कर सकते हैं तथा आवश्यकता अनुसार यह अनुष्ठान बुक भी कर सकते हैं।

श्री सूक्तम मंत्र

हिरण्यवर्णां हरिणीं सुवर्णरजतस्त्रजाम् । चन्द्रां हिरण्मयीं लक्ष्मीं जातवेदो म आ वह ॥ १ ॥

हे जातवेदा (सर्वज्ञ) अग्निदेव! आप सुवर्ण के रंगवाली, किंचित हरित वर्ण विशिष्टा सोने और चांदी के हार पहनने वाली चंद्रवत प्रसन्नकान्ति, स्वर्णमयी लक्ष्मीदेवी का मेरे लिये आह्वान करें।

तां म आ वह जातवेदो लक्ष्मीमनपगामिनीम् । यस्यां हिरण्यं विन्देयं गामश्वं पुरुषानहम् ॥ २ ॥

हे अग्ने। उन लक्ष्मीदेवी का जिनका कभी विनाश नहीं होता तथा जिनके आगमन से मै स्वर्ण, गौ, घोड़े तथा पुत्रादि प्राप्त करूंगा। मेरे लिए आह्वान करें।

अश्वपूर्वां रथमध्यां हस्तिनादप्रमोदिनीम्। श्रियं देवीमुप ह्वये श्रीर्मा देवी जुषताम् ॥ ३ ॥

जिनके आगे घोड़े और रथ के मध्य में वे स्वयं विराजमान रहती है। जो हस्तिनाद सुनकर प्रमादित (प्रसन्न) होती है, उन्ही श्रीदेवी का मैं आह्वान करता हूँ। लक्ष्मीदेवी मुझे प्राप्त हो।

कां सोस्मितां हिरण्यप्राकारामार्द्रां ज्वलन्तीं तृप्तां तर्पयन्तीम् । पद्येस्थितां पद्मवर्णां तामिहोप ह्वये श्रियम् ॥ ४ ॥

जो साक्षात ब्रह्मरूपा, मन्द-मन्द मुस्कुराने वाली, सोने के आवरण से "आवृत्त, दयार्द्र, तेजोमयी, पूर्णकामा, भक्तनुग्रह‌कारिणी, कमल के आसन पर विराजमान तथा पद्मवर्णा है, उन लक्ष्मी देवी का मैं यहाँ आह्वान करता हूँ।

चन्द्रां प्रभासां यशसा ज्वलन्तीं श्रियं लोके देवजुष्टामुदाराम्। तां पद्मिनीमीं शरणं प्र पद्ये अलक्ष्मीर्मे नश्यतां त्वां वृणे॥ ५॥

मै चन्द्र के समान शुभ कांतिवाली, सुंदर द्यतिशालिनी, यश से दीप्तिमती, स्वर्गलोक में देवगणों द्वारा पूजिता, उदारशीलता, पद्महस्ता लक्ष्मीदेवी की मैं शरण ग्रहण करता हूँ। मेरा दारिद्र दूर हो जाये। मैं आपको शरण्य के रूप में वरण करता हूँ।

आदित्यवर्णे तपसोऽधि जातो वनस्पतिस्तव वृक्षोऽथ बिल्वः । तस्य फलानि तपसा नुदन्तु या अन्तरा याश्च बाह्या अलक्ष्मीः ॥ ६ ॥

सूर्य के समान प्रकाशस्वरूपे! आपके ही तप से वृक्षों में श्रेष्ठ मंगलमय बिल्ववृक्ष उत्पन्न हुआ। उसके फल आपके अनुग्रह से हमारे बाहरी और भीतरी दारिद्र्य को दूर करे।

उपैतु मां देवसखः कीर्तिश्च मणिना सह। प्रादुर्भूतोऽस्मि राष्ट्रेऽस्मिन् कीर्तिमृद्धिं ददातु मे ॥ ७ ॥

हे देवि । देवसखा कुबेर और उनके मित्र मणिभद्र तथा दक्ष प्रजापति की कन्या कीर्ति मुझे प्राप्त हों अर्थात मुझे धन और यश की प्राप्ति हो। मैं इस राष्ट्र (देश ) से उत्पन्न हुआ हूँ, मुझे कीर्ति और ऋद्धि प्रदान करें।

क्षुत्पिपासामलां ज्येष्ठामलक्ष्मीं नाशयाम्यहम्। अभूतिमसमृद्धिं च सर्वां निर्णुद मे गृहात् ॥ ८ ॥

लक्ष्मी की बड़ी बहन अलक्ष्मी (दरिद्रता की अधिष्ठात्री देवी) का जो क्षुधा और पिपासा से मलिन-क्षीणकाया रहती है, उसका नाश चाहता हूँ। हे देवी! मेरे घर से हर प्रकार के दारिद्र्य और अमंगल दूर करो।

गन्धद्वारां दुराधर्षां नित्यपुष्टां करीषिणीम्। ईश्वरीं सर्वभूतानां तामिहोप ह्वये श्रियम् ॥ ९ ॥

जिनका प्रवेशद्वार सुगंधित है, जो दुराधर्षा (कठिनता से प्राप्त हो ) तथा नित्यपुष्टा है, जो गोमय के बीच निवास करती है। सब भूतों की स्वामिनी उन लक्ष्मी देवी का मैं आह्वान करता है।

मनसः काममाकूतिं वाचः सत्यमशीमहि। पशूनां रूपमन्नस्य मयि श्रीः श्रयतां यशः ॥ १० ॥

मन की कामना, संकल्प- सिद्धि एवं वाणी की सत्यता मुझे प्राप्त हो। गौ आदि पशुओं एवं विभिन्न अन्नों भोग्य पदार्थों के रुप में तथा यश के रूप में श्री देवी हमारे यहाँ आगमन करे।

कर्दमेन प्रजा भूता मयि सम्भव कर्दम। श्रियं वासय मे कुले मातरं पद्ममालिनीम् ॥ ११ ॥

लक्ष्मी के पुत्र कर्दम की हम संतान हैं। कर्दम ऋषि ! आप हमारे यहाँ उत्पन्न हो तथा पद्यों की माला धारण करने वाली माता लक्ष्मीदेवी को हमारे कुल में स्थापित करें।

आपः सृजन्तु स्निग्धानि चिक्लीत वस मे गृहे। नि च देवीं मातरं श्रियं वासय मे कुले ॥ १२॥

जल स्निग्ध पदार्थों की सृष्टि करें। लक्ष्मीपुत्र चिवलीत! आप भी मेरे घर में वास करें और माता लक्ष्मी का मेरे कुल में निवास कराएं।

आर्द्रा पुष्करिणीं पुष्टिं पिङ्गलां पद्ममालिनीम् । चन्द्रां हिरण्मयीं लक्ष्मीं जातवेदो म आ वह ॥ १३॥

हे अग्ने । आर्द्रस्वभावा, कमलहस्ता, पुष्टिरुपा, पीतवर्णा पद्मों की माला धारण करने वाली, चन्द्रमा के समान शुभ कान्ति से युक्त, स्वर्णमयी लक्ष्मीदेवी का मेरे यहाँ आह्वान करें।

आर्द्रा यः करिणीं यष्टिं सुवर्णां हेममालिनीम् । सूर्या हिरण्मयीं लक्ष्मीं जातवेदो म आ वह ॥१४॥

हे अग्ने! जो दुष्टों का निग्रह करने वाली होने पर भी कोमल स्वभाव की है, जो मंगलदायिनी, अवलम्बन प्रदान करनेवाली यष्टि रूपा सुन्दर वर्णवाली, सुवर्ण माला धारिणी, सूर्य स्वरूपा तथा हिरण्यमयी है, उन लक्ष्मीदेवी का मेरे यहाँ आह्वान करें।

तां म आ वह जातवेदो लक्ष्मीमनपगामिनीम् । यस्यां हिरण्यं प्रभूतं गावो दास्योऽश्वान् विन्देयं पुरुषानहम् ॥ १५ ॥

हे अग्ने! कभी नष्ट न होने वाली उन लक्ष्मी देवी का मेरे यहाँ आह्वान करें जिनके आगमन से बहुत सा धन, गौए, दासिया, अश्व और पुत्रादि हमें प्राप्त हो।

यः शुचिः प्रयतो भूत्वा जुहुयादाज्यमन्वहम् । सूक्तं पञ्चदशर्चं च श्रीकामः सततं जपेत् ॥ १६ ॥

जिसे लक्ष्मी की कामना हो वह प्रतिदिन पवित्र और संयमशील होकर अग्नि में घी की आहुतियाँ दे तथा इन पंद्रह ऋचाओं वाले श्री सूक्त का निरंतर पाठ करें।

पद्मानने पद्मविपद्मपत्रे पद्मप्रिये पद्मदलायताक्षि। विश्वप्रिये विष्णुमनोऽनुकूले त्वत्पादपद्मं मयि सं नि धत्स्व ॥17॥

कमल के समान मुखवाली ! कमलदल पर अपने चरणकमल रखनेवाली ! कमल में प्रीति रखनेवाली ! कमलदल के समान विशाल नेत्रोंवाली ! समग्र संसार के लिये प्रिय ! भगवान विष्णु के मन के अनुकूल आचरण करनेवाली ! आप अपने चरणकमल को मेरे हृदय में स्थापित करें।

पद्मानने पद्मऊरु पद्माक्षि पद्मसम्भवे। तन्मे भजसि पद्माक्षि येन सौख्यं लभाम्यहम् ॥18॥

कमल के समान मुखमण्डल वाली ! कमल के समान ऊरुप्रदेश वाली ! कमल के समान नेत्रोंवाली ! कमल से आविर्भूत होनेवाली ! पद्माक्षि ! आप उसी प्रकार मेरा पालन करें, जिससे मुझे सुख प्राप्त हो।

अश्वदायि गोदायि धनदायि महाधने। धनं मे जुषतां देवि सर्वकामांश्च देहि मे ॥19॥

अश्वदायिनी, गोदायिनी, धनदायिनी, महाधनस्वरूपिणी हे देवि ! मेरे पास सदा धन रहे, आप मुझे सभी अभिलाषित वस्तुएँ प्रदान करें।

पुत्रपौत्रधनं धान्यं हस्त्यश्वाश्वतरी रथम्। प्रजानां भवसि माता आयुष्मन्तं करोतु मे ॥20॥

आप प्राणियों की माता हैं। मेरे पुत्र, पौत्र, धन, धान्य, हाथी, घोड़े, खच्चर तथा रथ को दीर्घ आयु से सम्पन्न करें।

धनमग्निर्धनं वायुर्धनं सूर्यो धनं वसुः। धनमिन्द्रो बृहस्पतिर्वरुणो धनमश्विना ॥21॥

अग्नि, वायु, सूर्य, वसुगण, इन्द्र, बृहस्पति, वरुण तथा अश्विनी कुमार – ये सब वैभवस्वरुप हैं।

वैनतेय सोमं पिब सोमं पिबतु वृत्रहा। सोमं धनस्य सोमिनो मह्यं ददातु सोमिनः ॥22॥

ओ गरुड़! जैसे इंद्र, जो वृत्रासुर का संहारक है, सोम का पान करते हैं, वैसे ही आप भी सोम का सेवन करते हैं। जो धनवान लोग सोम को प्रिय मानते हैं, वे मुझे भी इसे प्रदान करें, क्योंकि मैं भी इसके रस का पान करने की आकांक्षा रखता हूँ।

न क्रोधो न च मात्सर्यं न लोभो नाशुभा मतिः। भवन्ति कृतपुण्यानां भक्त्या श्रीसूक्तजापिनाम् ॥23॥

भक्तिपूर्वक श्री सूक्त का जप करनेवाले, पुण्यशाली लोगों को न क्रोध होता है, न ईर्ष्या होती है, न लोभ ग्रसित कर सकता है और न उनकी बुद्धि दूषित ही होती है।

सरसिजनिलये सरोजहस्ते,धवलतरांशुकगन्धमाल्यशोभे। भगवति हरिवल्लभे मनोज्ञे,त्रिभुवनभूतिकरि प्र सीद मह्यम् ॥24॥

कमलवासिनी, हाथ में कमल धारण करनेवाली, अत्यन्त धवल वस्त्र, गन्धानुलेप तथा पुष्पहार से सुशोभित होनेवाली, भगवान विष्णु की प्रिया लावण्यमयी तथा त्रिलोकी को ऐश्वर्य प्रदान करनेवाली हे भगवति ! मुझपर प्रसन्न होइये।

विष्णुपत्नीं क्षमां देवीं माधवीं माधवप्रियाम्। लक्ष्मीं प्रियसखीं भूमिं नमाम्यच्युतवल्लभाम् ॥25॥

भगवान विष्णु की भार्या, क्षमास्वरूपिणी, माधवी, माधवप्रिया, प्रियसखी, अच्युतवल्लभा, भूदेवी भगवती लक्ष्मी को मैं नमस्कार करता हूँ।

महालक्ष्म्यै च विद्महे विष्णुपत्न्यै च धीमहि। तन्नो लक्ष्मीः प्रचोदयात् ॥26॥

हम विष्णु पत्नी महालक्ष्मी को जानते हैं तथा उनका ध्यान करते हैं। वे लक्ष्मी जी सन्मार्ग पर चलने के लिये हमें प्रेरणा प्रदान करें।

आनन्दः कर्दमः श्रीदश्चिक्लीत इति विश्रुताः। ऋषयः श्रियः पुत्राश्च श्रीर्देवीर्देवता मताः ॥27॥

पूर्व कल्प में जो आनन्द, कर्दम, श्रीद और चिक्लीत नामक विख्यात चार ऋषि हुए थे। उसी नाम से दूसरे कल्प में भी वे ही सब लक्ष्मी के पुत्र हुए। बाद में उन्हीं पुत्रों से महालक्ष्मी अति प्रकाशमान शरीर वाली हुईं, उन्हीं महालक्ष्मी से देवता भी अनुगृहीत हुए।

ऋणरोगादिदारिद्र्यपापक्षुदपमृत्यवः। भयशोकमनस्तापा नश्यन्तु मम सर्वदा ॥28॥

ऋण, रोग, दरिद्रता, पाप, क्षुधा, अपमृत्यु, भय, शोक तथा मानसिक ताप आदि – ये सभी मेरी बाधाएँ सदा के लिये नष्ट हो जाएँ।

श्रीर्वर्चस्वमायुष्यमारोग्यमाविधाच्छोभमानं महीयते। धनं धान्यं पशुं बहुपुत्रलाभं शतसंवत्सरं दीर्घमायुः ॥29॥

भगवती महालक्ष्मी मानव के लिये ओज, आयुष्य, आरोग्य, धन-धान्य, पशु, अनेक पुत्रों की प्राप्ति तथा सौ वर्ष के दीर्घ जीवन का विधान करें और मानव इनसे मण्डित होकर प्रतिष्ठा प्राप्त करे।

श्रीसूक्त देवी लक्ष्मी की कृपा प्राप्त करने का एक शक्तिशाली और प्रभावी स्तोत्र है। इसके नियमित पाठ से जीवन में धन, वैभव, सुख-समृद्धि और शांति का आगमन होता है।

यह न केवल आर्थिक बाधाओं को दूर करता है, बल्कि मानसिक शांति, सफलता और पारिवारिक सौहार्द को भी बढ़ाता है। श्रीसूक्त का पाठ करने से नकारात्मक ऊर्जा समाप्त होती है और सकारात्मकता का संचार होता है, जिससे व्यक्ति के जीवन में उन्नति और कल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है।

श्री सूक्तम पाठ करने के क्या लाभ है?

1. आर्थिक तंगी और कर्ज़ से मुक्ति

श्रीसूक्त के नियमित पाठ से मां लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होती है, जिससे धन, ऐश्वर्य और सुख-समृद्धि में वृद्धि होती है।

2. आर्थिक बाधाओं का निवारण

जो लोग आर्थिक समस्याओं का सामना कर रहे हैं, उनके लिए श्रीसूक्त का जप अत्यंत प्रभावी होता है और इससे धन संबंधी कष्ट दूर होते हैं।

3. व्यापार और नौकरीपेशा में उन्नति

बिज़नेस मंदा चल रहा हो या नौकरी में प्रमोशन न मिल रहा हो, श्री सूक्तम् का पाठ आपके भाग्य को चमका सकता है।

4. दरिद्रता का नाश

यह पाठ व्यक्ति को धन संचय करने की शक्ति देता है और उसकी दरिद्रता सदा के लिए समाप्त कर देता है।

5. घर में सुख-शांति और शुभता

श्रीसूक्त का पाठ घर में शुभता लाता है, नकारात्मक ऊर्जा को दूर करता है और पारिवारिक संबंधों में प्रेम एवं सौहार्द बनाए रखता है।

6. माँ लक्ष्मी का स्थायी वास

श्री सूक्तम् के नियमित पाठ से घर में माँ लक्ष्मी का स्थायी वास होता है, जिससे ऐश्वर्य और वैभव बना रहता है।

श्री सूक्तम पाठ का महत्व

श्री सूक्त का पाठ करने से व्यक्ति को धन, ऐश्वर्य और समृद्धि की प्राप्ति होती है। यह सूक्त देवी लक्ष्मी की कृपा पाने का सर्वोत्तम साधन माना जाता है। इसके नियमित जप से न केवल आर्थिक समस्याओं का समाधान होता है, बल्कि मानसिक शांति, आध्यात्मिक उन्नति और जीवन में स्थिरता भी प्राप्त होती है।

श्री सूक्त में वर्णित मंत्रों का प्रभाव अत्यंत शक्तिशाली होता है, जिससे घर-परिवार में सुख-शांति बनी रहती है और नकारात्मक ऊर्जा का नाश होता है। यह पाठ व्यक्ति के आत्मबल को बढ़ाता है और उसमें आत्मविश्वास तथा सकारात्मकता का संचार करता है।

जो भक्त श्रद्धा और भक्ति भाव से श्री सूक्त का पाठ करते हैं, उन्हें देवी लक्ष्मी की विशेष कृपा प्राप्त होती है और उनके जीवन में सौभाग्य, आरोग्य और सफलता का संचार होता है। अतः श्री सूक्त का पाठ आध्यात्मिक एवं सांसारिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।

श्री सूक्तम पाठ करने के क्या नियम है?

श्री सूक्तम पाठ के नियम

• शुद्धता: पाठ से पहले शुद्धता का ध्यान रखें—स्नान करें और साफ-सुथरे वस्त्र धारण करें।

• एकाग्रता: पाठ के दौरान मन को एकाग्र करें और सम्पूर्ण ध्यान देवी पर केंद्रित रखें।

• सही उच्चारण: वैदिक छंदों और मंत्रों का शुद्ध उच्चारण करें, जिससे मंत्रों का प्रभाव सम्पूर्ण रूप से प्राप्त हो सके।

• नियमितता: नियमित रूप से पाठ करें यदि आपके पास समय की कमी हो तो किसी दक्षता प्राप्त आचार्य से कराएं, जिससे दीर्घकालिक लाभ मिल सके।

• आस्था और भक्ति: श्री सूक्त का पाठ करते समय पूर्ण आस्था और भक्ति बनाए रखें। माता लक्ष्मी से सच्चे हृदय से प्रार्थना करें ताकि आपको उनके दिव्य आशीर्वाद प्राप्त हो सकें।

श्रीसूक्त का पाठ करते समय मन में पूर्ण श्रद्धा और विश्वास बनाए रखना चाहिए। मां लक्ष्मी की कृपा प्राप्त करने के लिए सच्चे मन से प्रार्थना करें।

श्री सूक्तम क्यों करना चाहिए?

अक्सर देखा जाता है कि व्यक्ति कड़ी मेहनत करता है, लेकिन उसे अपने परिश्रम का पूर्ण फल नहीं मिलता। व्यापार में लाभ से अधिक हानि होती है, घर में बरकत नहीं होती, आर्थिक स्थिति डगमगा जाती है, और पारिवारिक अशांति बनी रहती है। ऐसे में श्री सूक्तम् का पाठ करने से सभी समस्याओं का समाधान मिल सकता है।

श्री सूक्तम् के नियमित पाठ से जातक के जीवन में आर्थिक उन्नति होती है, व्यापार में वृद्धि होती है, नकारात्मक ग्रहों का प्रभाव समाप्त होता है, और घर में सुख-शांति बनी रहती है। यह पाठ व्यक्ति के दुर्भाग्य को सौभाग्य में बदल सकता है।

श्री सूक्तम पाठ कब करना चाहिए?

श्री सूक्तम का पाठ विशेष रूप से ब्रह्म मुहूर्त से लेकर प्रातः 9 बजे तक करना अत्यंत शुभ माना जाता है। इस समय सूर्य की ऊर्जा पूरे संसार में फैल रही होती है, जिससे वातावरण सात्त्विक और शुद्ध बना रहता है। इसके अलावा, संध्या काल (सूर्यास्त के बाद) में भी इसका पाठ विशेष रूप से फलदायी माना जाता है। दिन के समय भी इस पाठ की कोई मनाही नहीं है, लेकिन सूर्योदय और सूर्यास्त के समय, जब वातावरण में दिव्य ऊर्जा का प्रवाह अधिक सक्रिय रहता है, इन कालों में श्री सूक्त का पाठ अत्यंत प्रभावशाली और शुभ माना जाता है।

किन लोगों को करना चाहिए श्री सूक्तम पाठ?

1. आर्थिक समस्याओं से जूझ रहे लोग

यदि धन की कमी हो, व्यापार में नुकसान हो रहा हो या आर्थिक तंगी बनी हुई हो, तो श्रीसूक्त का पाठ अवश्य करें। इससे देवी लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होती है और धन-संपत्ति में वृद्धि होती है।

2. व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों के लिए

व्यापार में वृद्धि और नौकरी में प्रमोशन के लिए श्रीसूक्त का पाठ बहुत लाभकारी है। यदि करियर में रुकावट आ रही हो या कार्यों में सफलता नहीं मिल रही हो, तो नियमित पाठ करें।

3. गृहस्थ जीवन में सुख-शांति के लिए

यदि घर में अशांति बनी रहती है या पारिवारिक समस्याएँ बढ़ रही हैं, तो श्रीसूक्त का पाठ करें। इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा आती है और कलह-क्लेश समाप्त होते हैं।

4. विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षा देने वालों के लिए

अगर पढ़ाई में मन नहीं लगता या सफलता प्राप्त नहीं हो रही, तो श्रीसूक्त का पाठ करें। यह मानसिक शांति और एकाग्रता बढ़ाने में मदद करता है।

5. जिनका पैसा कहीं फंसा हुआ है

यदि किसी का धन कहीं अटक गया है या कर्ज चुकाना मुश्किल हो रहा है, तो श्रीसूक्त का पाठ करें। इससे रुका हुआ धन वापस मिलने की संभावना बढ़ती है।

6. जो देवी लक्ष्मी की कृपा चाहते हैं

यदि कोई व्यक्ति अपने जीवन में स्थायी समृद्धि और खुशहाली चाहता है, तो उसे श्रीसूक्त का पाठ अवश्य करना चाहिए। यह न केवल भौतिक धन बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक शांति भी प्रदान करता है।

श्री सूक्त पढ़ने का सर्वोत्तम दिन कौन सा है?

नियमित रूप से श्री सूक्त का पाठ करना अत्यंत शुभ माना जाता है, लेकिन यदि आप इसे अनुष्ठानिक रूप से करना चाहते हैं, तो इसकी सही शुरुआत का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है। इससे आपके अनुष्ठान की सफलता सुनिश्चित होगी और आपको पूर्ण फल प्राप्त होगा।

शुक्रवार, का दिन विशेष रूप से देवी को समर्पित माना जाता हैं। इसलिए, यदि आप श्री सूक्त का अनुष्ठान प्रारंभ करना चाहते हैं, तो शुक्रवार में इसकी शुरुआत करें और फिर इसे नियमित रूप से जारी रखें।

यदि आपकी व्यस्तता के कारण प्रतिदिन पाठ करना संभव नहीं हो पा रहा है, तो आप सनातन ज्योति के दक्ष आचार्यों से संपर्क कर सकते हैं, जो आपके लिए इस दिव्य पाठ को विधिवत संपन्न करेंगे।
सनातन ज्योति में गुरु से दीक्षित एवं अनुभवी आचार्यों द्वारा श्री सूक्तम् पाठ सहित विभिन्न वैदिक अनुष्ठान पूर्ण विधि-विधान के साथ सम्पन्न कराए जाते हैं।

यदि आप किसी विशेष अनुष्ठान की विधि, महत्व या उससे जुड़े आध्यात्मिक लाभों के बारे में जानकारी प्राप्त करना चाहते हैं तो: - निःशुल्क परामर्श प्राप्त कर सकते हैं तथा आवश्यकता अनुसार उपयुक्त अनुष्ठान बुक भी कर सकते हैं। 

Youtube
Facebook
Instagram
Astrologer
हम से बात करें