Sanatan Logo
Ganesh Logo
श्री कनकधारा स्तोत्रम्
लेखक: Pawan Shukla

श्री कनकधारा स्तोत्रम्

कनकधारा स्तोत्र का अर्थ

कनकधारा स्तोत्र देवी लक्ष्मी को प्रसन्न करने वाला अत्यंत प्रभावशाली स्तोत्र है, जिसकी रचना आदि शंकराचार्य जी ने की थी। "कनकधारा" का अर्थ "स्वर्ण की धारा" है, जो धन, ऐश्वर्य और समृद्धि का प्रतीक है। यह स्तोत्र माँ लक्ष्मी को अति प्रिय है और इसके नियमित पाठ से जातक की निर्धनता समाप्त होती है, ऋण से मुक्ति मिलती है और जीवन में सुख-समृद्धि का संचार होता है।

इस स्तोत्र का पाठ माँ लक्ष्मी की कृपा को आकर्षित करता है और आर्थिक बाधाओं को दूर करता है। इसे "सोने की वर्षा कराने वाला स्तोत्र" भी कहा जाता है, क्योंकि इसके प्रभाव से धन-संपत्ति की वृद्धि होती है और व्यक्ति की आर्थिक स्थिति मजबूत होती है। विशेष रूप से जो लोग निरंतर आर्थिक संकटों से जूझ रहे हों, उन पर यह स्तोत्र दिव्य प्रभाव डालता है और दुर्भाग्य को समाप्त करता है।

कनकधारा स्तोत्र न केवल धन-प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त करता है, बल्कि जातक को समस्त विपत्तियों से भी मुक्त करता है। इसके पाठ से ऋण और आर्थिक तंगी से राहत मिलती है तथा जीवन में सौभाग्य और स्थायी समृद्धि भी बनी रहती है।

कनकधारा स्तोत्रम् पाठ की उत्पत्ति

आदि गुरु शंकराचार्य ने सर्वप्रथम कनकधारा स्तोत्रम् का पाठ किया था, जिससे प्रसन्न होकर माता लक्ष्मी ने एक निर्धन ब्राह्मणी के आँगन में धन वर्षा की थी। यह कथा उनकी करुणा और भक्ति की शक्ति को दर्शाती है।

एक बार, गुरु शंकराचार्य भिक्षा प्राप्त करने के लिए एक गृहस्थ ब्राह्मण के घर पहुँचे। वह ब्राह्मण सत्यवादी और धर्मनिष्ठ था, लेकिन अत्यंत निर्धन था। जब उसकी पत्नी ने दरवाजे पर खड़े आचार्य को देखा, तो वह असमंजस में पड़ गई, क्योंकि उनके पास भिक्षा में देने योग्य कुछ भी नहीं था। बहुत खोजने पर उसे घर में एक मात्र आँवले का फल मिला। अत्यंत संकोच के साथ, उसने वह फल आचार्य को अर्पित कर दिया।

शंकराचार्य उस ब्राह्मणी की दरिद्रता और दानशीलता को समझ गए। उनकी दयनीय स्थिति से व्यथित होकर, उन्होंने माता लक्ष्मी से उस परिवार की दरिद्रता समाप्त करने की प्रार्थना की। आचार्य की सप्रेम स्तुति, भक्ति और करुणा से प्रसन्न होकर माँ लक्ष्मी प्रकट हुईं और पूछा – "हे आचार्य! आपने मुझे क्यों स्मरण किया?"

शंकराचार्य ने विनम्रतापूर्वक ब्राह्मणी की दयनीय दशा का उल्लेख किया और माता लक्ष्मी से उस पर कृपा करने का आग्रह किया। इस पर माता ने उत्तर दिया, "इस ब्राह्मण का प्रारब्ध ऐसा नहीं है कि इसे इस जन्म में धन प्राप्त हो।" तब आचार्य ने पुनः प्रार्थना की – "हे माँ! भले ही इसने पूर्व जन्म में कोई सत्कर्म नहीं किया हो, किंतु इस जन्म में इसने अपनी गरीबी के बावजूद मेरे जैसे भिक्षुक को भिक्षा में आँवला अर्पित कर महान पुण्य अर्जित किया है। क्या यह पुण्य इसके जीवन को बदलने के लिए पर्याप्त नहीं है?"

शंकराचार्य की करुणा और भक्ति को देखकर माता लक्ष्मी उनकी याचना को अस्वीकार न कर सकीं। उन्होंने अपनी कृपा से उस निर्धन ब्राह्मण के घर स्वर्ण वर्षा कर दी। देखते ही देखते, वह ब्राह्मण परिवार अपार धन-संपदा से भर गया और उसकी दरिद्रता सदा के लिए समाप्त हो गई। चूँकि माता लक्ष्मी ने सोने की वर्षा की, इसलिए इस स्तोत्र का नाम "कनकधारा स्तोत्रम्" पड़ा।

कनकधारा स्तोत्र के श्लोक

कनकधारा स्तोत्र के श्लोक देवी लक्ष्मी के गुणों की महिमा का वर्णन करते हैं और उनकी करने का प्रभावी माध्यम है। इसके प्रत्येक श्लोक में सकारात्मक ऊर्जा समाहित है, जो धन-संपत्ति, सुख-समृद्धि और बाधाओं के निवारण में सहायक होता है।

श्री कनक धारा स्तोत्रम्

अङ्ग हरेः पुलकभूषणमाश्रयन्ती भृङ्गाङ्गनेव मुकुलाभरणं तमालम् । ङ्गीकृताखिलविभूतिरपाङ्गलीला माङ्गल्यदाऽस्तु मम मङ्गलदेवतायाः ॥ १ ॥

भगवान हरि के अंग को पुलक रूपी आभूषणों के समान आश्रय में लेने वाली, जो उसी समान हैं जैसे एक भौरे के लिए तमाल वृक्ष की कली। जिनकी तिरछी दृष्टि की लीला ने समस्त वैभव को स्वीकार किया है, वह मंगलदायिनी मंगल देवता महालक्ष्मी, मुझ पर कृपा करें।

मुग्धा मुहुर्विदधती वदने मुरारेः प्रेमत्रपाप्रणिहितानि गतागतानि । माला दृशोर्मधुकरीव महोत्पले या सा मे श्रियं दिशतु सागरसम्भवायाः ॥ २ ॥

जो सागर से उत्पन्न हुई माँ लक्ष्मी हैं, वह देवी मेरी, समृद्धि और सौभाग्य प्रदान करें। वह माता लक्ष्मी जो बार-बार भगवान मुरारि के मुख की ओर प्रेम और लज्जा से युक्त दृष्टि डालती है, जो कि श्री हरि के नेत्रों की गति को ऐसा बना देती है, जैसे की कोई भौंरा महाकमल के चारों और मंडरा रहा हो।

विश्वामरेन्द्रपदविभ्रमदानदक्षमानन्दहेतुरधिकं मुरविद्विषोऽपि।ईषन्निषीदतु मयि क्षणमीक्षणार्धमिन्दीवरोदरसहोदरमिन्दिरायाः॥३॥

जो देवी, देवराज इन्द्र को भी पद और वैभव देने में सक्षम हैं, असुरों के संहारक भगवान विष्णु को भी आनंदित करती है। वह क्षण भर के लिए ही सही मुझ पर अपनी कृपा दृष्टि डालें, जिनके नेत्र कमल के उदर के समान हैं।

मीलिताक्आषमधिगम्य मुदा मुकुन्दमानन्दकन्दमनिमेषमनङ्गतन्त्रम् । आकेकरस्थितकनीनिकपक्ष्मनेत्रं भूत्यै भवेन्मम भुजङ्गशयाङ्गनायाः ॥ ४ ॥

शेषनाग पर विराजमान भगवान विष्णु की अर्धागिनी, श्री लक्ष्मी जी के नेत्र हमें ऐश्वर्य प्रदान करे, वह नेत्र-जिनके कोर पर सुन्दर पलके स्थित हैं। थोड़े से अधखुले,परन्तु जो एकटक नयनो से देखने वाले श्री हरि को अपने पास पाकर कुछ तिरछी हो जाती हैं।

बाह्वन्तरे मधुजितः श्रितकौस्तुभे या हारावलीव हरिनीलमयी विभाति। कामप्रदा भगवतोऽपि कटाक्षमाला कल्याणमावहतु मे कमलालयायाः ॥ ५ ॥

जो माँ लक्ष्मी भगवान मधुसूदन की बाहुओं के बीच, कौस्तुभमणि- मंडित वक्षस्थल पर हरित - नीले रंग की हार की माला समान चमकती हैं, जो सभी कामनाओं को पूर्ण करने वाली है। जिनकी कटाक्ष दृष्टि की माला जो भगवान विष्णु को भी आनन्द में डाल देती हैं, वह कमल कुंजवासिनी कमला की कटाक्ष माला मेरा कल्याण करें।

कालाम्बुदालिललितोरसि कैटभारेर्धाराधरे स्फुरति या तडिदङ्गनेव। मातुः समस्तजगतां महनीयमूर्तिर्भद्राणि मे दिशतु भार्गवनन्दनायाः ॥ ६ ॥

जो माँ लक्ष्मी है, कैटभासुर के शत्रु भगवान विष्णु के काले बादलों जैसे सुंदर वक्षस्थल पर बिजली की रेखा के समान चमकती है, जिन्होने अपने आविर्भाव से भृगुवंश को आनंदित किया है तथा जो समस्त जगत की जननी एवं महान पुजनीय स्परूप है, वे माता लक्ष्मी मुझे कल्याण प्रदान करें।

प्राप्तं पदं प्रथमतः किल यत्प्रभावान्माङ्गल्यभाजि मधुमाथिनि मन्मथेन। मय्यापतेत्तदिह मन्थरमीक्षणार्धं मन्दालसं च मकरालयकन्यकायाः ॥ ७ ॥

जिनकी कोमल एवं आलस्य पूर्ण मंथर अर्ध दृष्टि के आविर्भाव से कामदेव ने मंगलमय मधुसूदन के हृदय में प्रथम बार स्थान प्राप्त किया वही कृपा दृष्टि सागर कन्या माँ लक्ष्मी की मुझ पर भी पड़े।

दद्याद्द्यानुपवनो द्रविणाम्बुधारामस्मिन्नकिञ्चनविहङ्गशिशौ विषण्णे। दुष्कर्मघर्ममपनीय चिराय दूरं नारायणप्रणयिनीनयनाम्बुवाहः ॥ ८ ॥

हे माँ, मुझे एसा ध्यान रूपी पवन प्रदान करें, जो इस निर्धन दुखी चातक पर धन की वर्षा करे। जो मेरे पाप रूपी गर्मी को सदा के लिए दूर कर दे। हे नारायण प्रिये माता लक्ष्मी ये सब आपके मेघ समान नेत्रों की कृपावृष्टि से ही संभव हो सकता है।

इष्टा विशिष्टमतयोऽपि यया दयार्द्रदृष्ट्या त्रिविष्टपपदं सुलभं लभन्ते। दृष्टिः प्रहृष्टकमलोदरदीप्तिरिष्टां पुष्टिं कृषीष्ट मम पुष्करविष्टरायाः ॥ ९ ॥

जिनकी दया से भरी हुई दृष्टि के कारण, विशिष्ट मतों वाले ज्ञानी और विद्वान, भी स्वर्गलोक का स्थान आसानी से प्राप्त कर लेते है। वह माता लक्ष्मी, जिनकी दृष्टि आनंदित कमल के भीतर की ज्योति के समान है। वह पुष्कर के आसन पर विराजमान देवी मेरा पोषण करें।

गीर्देवतेति गरुडध्वजसुन्दरीति शाकम्भरीति शशिशेखरवल्लभेति । सृष्टिस्थितिप्रलयकेलिषु संस्थितायै तस्यै नमस्त्रिभुवनैकगुरोस्तरुण्यै ॥ १० ॥

वाणी की देवी सरस्वती के रूप में, गरूड़ ध्वज श्री हरि की सुंदरी माँ लक्ष्मी के रूप में, शाकंभरी दुर्गा के रूप में और शशि शेखर की प्रिय पार्वती के रूप में, जो सृष्टि, स्थिति और प्रलय की लीलाओं में स्थित हैं। तीनों लोको के एकमात्र पिता प्रभु नारायाण की, उन, नित्य यौवना प्रेयसी श्रीलक्ष्मीजी को नमस्कार है।

श्रुत्यै नमोऽस्तु शुभकर्मफलप्रसूत्यै रत्यै नमोऽस्तु रमणीयगुणार्णवायै। शक्त्यै नमोऽस्तु शतपत्रनिकेतनायै पुष्ट्यै नमोऽस्तु पुरुषोत्तमवल्लभायै ॥ ११ ॥

ज्ञान और वेदों के स्वरूपवाली शुभ कर्मों के फल उत्पन्न करने वाली देवी को प्रणाम। सुख और प्रेम के स्वरूप वाली, रमणीय गुणो के महासागर समान देवी को प्रणाम। शक्ति स्वरूप कमल को निवास स्थान बनाने वाली देवी को प्रणाम। पोषण और समृद्धि स्वरूप, भगवान विष्णु की प्रिय देवी को प्रणाम।

भायैनमोऽस्तु नालीकनिभाननायै नमोऽस्तु दुग्धोदधिजन्मभूत्यै । नमोऽस्तु सोमामृतसोदरायै नमोऽस्तु नारायणवल्ल ॥ १२॥

माता लक्ष्मी को प्रणाम, कमल वदना कमला को मेरा नमस्कार, जो क्षीर- सागर से उत्पन्न हुयी है, उन्हें नमस्कार। जो चन्द्रमा, और अमृत की बहन है उन्हें नमस्कार। श्री नारायण की प्रियतमा को मेरा नमस्कार।

सम्पत्कराणि सकलेन्द्रियनन्दनानि साम्राज्यदानविभवानि सरोरुहाक्षि । त्वद्वन्दनानि दुरिताहरणोद्यतानि मामेव मातरनिशं कलयन्तु मान्ये ॥ १३॥

हे कमलनयन माँ, आपकी वंदना संपत्ति प्रदान करने वाली है, सभी इंद्रियों को आनंद देने वाली है साम्राज्य और वैभव प्रदान करने वाली है। यह वंदना पापों और कष्टों को दूर करने के लिए तत्पर रहती है। हे आदरणीय माता, कृपया यह हमेशा मुझ पर फलित हो और मुझ पर अपनी कृपा बनाए रखें।

यत्कटाक्षसमुपासनाविधिः सेवकस्य सकलार्थसम्पदः । संतनोति वचनाङ्गमानसैस्त्वां मुरारिहृदयेश्वरीं भजे ॥ १४ ॥

जिनकी कटाक्ष कृपा दृष्टि की उपासना विधि, भक्त को सभी प्रकार की सम्पदाएं प्रदान करती हैं, उन मुरारी के हृदय की स्वमिनी माँ लक्ष्मी की मैं वाणी, कर्म और मन से पूजा करता हूँ।

सरसिजनिलये सरोजहस्ते धवलतमांशुकगन्धमाल्यशोभे । भगवति हरिवल्लभे मनोज्ञे त्रिभुवनभूतिकरि प्रसीद मह्यम् ॥ १५॥

हे कमल में निवास करने वाली, कमल को हाथ में धारण करने वाली देवी, जो श्वेत वस्त्र और सुगंधित मालाओं की शोभा से युक्त हैं। हे भगवति, हे हरि की प्रिय और उनके मन को आनंद देने वाली, देवी जो तीनो लोको को समृद्धि प्रदान करती हैं, कृपया मुझ पर प्रसन्न हो।

दिग्घस्तिभिः कनककुम्भमुखावसृष्टस्वर्वाहिनीविमलचारुजलप्लुताङ्गीम्। प्रातर्नमामि जगतां जननीमशेषलोकाधिनाथगृहिणीममृताब्धिपुत्रीम् ॥ १६ ॥

मै प्रातःकाल में उन माता लक्ष्मी को प्रणाम करता हूँ, जो सभी दिशाओ के हाथियों द्वारा स्वर्ण कलशों से गिराये गये स्वर्गीय जल से स्नान की हुई है और जिनका स्वरूप पवित्र हैं। जो समस्त जगत की माता है, सभी लोको के स्वामी भगवान विष्णु की गृहणी है, जो कि अमृत सागर की कन्या है, उन्हें मैं नमस्कार करता हूँ।

कमले कमलाक्षवल्लभे त्वं करुणापूरतरङ्गितैरपाङ्गैः । अवलोकय मामकिञ्चनानां प्रथमं पात्रमकृत्रिमं दयायाः ॥ १७॥

हे कमल पर विराजमान माता, हे कमलनयन भगवान विष्णु की प्रिया, अपनी कुरुणा से भरी हुई लहरों के समान कटाक्ष दृष्टियों से कृपया मुझे देखें। मै निर्धन और असहाय आपकी सच्ची और प्राकृतिक दया का पहला पात्र हूँ।

स्तुवन्ति ये स्तुतिभिरमूभिरन्वहं त्रयीमयीं त्रिभुवनमातरं रमाम्। गुणाधिका गुरुतरभाग्यभागिनो भवन्ति ते भुवि बुधभाविताशयाः ॥ १८ ॥

जो लोग, इन स्तुतियों के माध्यम से, वेदत्रयी की स्वरूपवती, तीनों लोको की माता, रमणी माँ लक्ष्मी की स्तुति करते हैं। वे इस पृथ्वी पर श्रेष्ठ गुणों वाले, महान भाग्य के भागी और पवित्र हृदय वाले बन जाते है।

कनकधारा स्तोत्र के लाभ

1. धन और समृद्धि: इस स्तोत्र के पाठ से आर्थिक स्थिरता आती है और धन-धान्य की वृद्धि होती है।

2. ऋण मुक्ति: कर्ज और आर्थिक बाधाओं को दूर करने में सहायक।

3. देवी लक्ष्मी की कृपा: माँ लक्ष्मी की विशेष अनुकंपा प्राप्त होती है, जिससे व्यक्ति ऐश्वर्यवान बनता है।

4. नकारात्मक ऊर्जा से मुक्ति: यह स्तोत्र दरिद्रता को समाप्त कर नकारात्मक ऊर्जाओं को दूर करता है।

5. व्यवसाय और करियर में वृद्धि: व्यवसाय, नौकरी और अन्य आर्थिक स्रोतों में वृद्धि होती है।

6. धन संचय और वैभव प्राप्ति: इस पाठ से व्यक्ति को धन-संग्रह की शक्ति मिलती है और वह स्थायी रूप से समृद्ध हो जाता है।

यदि आप धन वृद्धि, आर्थिक स्थिरता, ऋण मुक्ति और माँ लक्ष्मी की कृपा प्राप्ति हेतु कनकधारा स्तोत्रम् पाठ की वैदिक विधि, धार्मिक महत्व और आध्यात्मिक लाभों के बारे में विस्तार से जानना चाहते हैं तो: - कनकधारा स्तोत्रम् पाठ अनुष्ठान की संपूर्ण जानकारी प्राप्त कर सकते हैं तथा आवश्यकता अनुसार यह अनुष्ठान बुक भी कर सकते हैं। 

कनकधारा स्तोत्र का महत्व

कनकधारा स्तोत्र देवी लक्ष्मी की कृपा प्राप्त करने का एक अत्यंत प्रभावशाली और चमत्कारी स्तोत्र है। इसकी रचना आदि शंकराचार्य जी ने की थी, और इसका पाठ करने से धन, ऐश्वर्य और समृद्धि की प्राप्ति होती है। यह स्तोत्र विशेष रूप से आर्थिक समस्याओं को दूर करने, कर्ज़ से मुक्ति पाने और भाग्य को संवारने में सहायक माना जाता है।

इस स्तोत्र में निहित मंत्रों का प्रभाव अत्यंत शक्तिशाली होता है, जो दरिद्रता का नाश करता है और नकारात्मक ऊर्जा को दूर कर घर-परिवार में सुख-शांति बनाए रखता है। इसके नियमित पाठ से व्यक्ति के जीवन में धन-संपत्ति का संचार होता है और उसकी आर्थिक स्थिति मजबूत होती है।

जो भक्त श्रद्धा और भक्ति भाव से कनकधारा स्तोत्र का नित्य पाठ करते हैं, उन्हें माँ लक्ष्मी की विशेष कृपा प्राप्त होती है। यह न केवल सांसारिक समृद्धि प्रदान करता है, बल्कि मानसिक शांति और आत्मबल भी बढ़ाता है। इससे आत्मविश्वास में वृद्धि होती है और व्यक्ति के जीवन में सौभाग्य, सफलता और स्थायी समृद्धि का प्रवेश होता है।

कनकधारा स्तोत्र पढ़ने के नियम

• शुद्धता- पाठ से पहले शुद्धता का ध्यान रखें—स्नान करें और साफ-सुथरे वस्त्र धारण करें।

• एकाग्रता- पाठ के दौरान मन को एकाग्र करें और सम्पूर्ण ध्यान देवी पर केंद्रित रखें।

• सही उच्चारण- वैदिक छंदों और मंत्रों का शुद्ध उच्चारण करें, जिससे मंत्रों का प्रभाव सम्पूर्ण रूप से प्राप्त हो सके।

• नियमितता- नियमित रूप से पाठ करें यदि आपके पास समय की कमी हो तो किसी दक्षता प्राप्त आचार्य से कराएं, जिससे दीर्घकालिक लाभ मिल सके।

• मन में श्रद्धा और विश्वास रखें- कनकधारा स्तोत्र पाठ करते समय मन में पूर्ण श्रद्धा और विश्वास बनाए रखना चाहिए। मां लक्ष्मी की कृपा प्राप्त करने के लिए सच्चे मन से प्रार्थना करें।

कनकधारा स्तोत्र की आवश्यकता क्यों है?

कनकधारा स्तोत्र उन लोगों के लिए आवश्यक है जिनके व्यापार में लगातार हानि होती है, घर में बरकत नहीं रहती, धन आते ही तेजी से खर्च हो जाता है, और पारिवारिक अशांति बनी रहती है। ऐसे में कनकधारा स्तोत्र का पाठ एक प्रभावशाली उपाय साबित हो सकता है।

कनकधारा स्तोत्र के नियमित पाठ से व्यक्ति की आर्थिक स्थिति मजबूत होती है, व्यापार में वृद्धि होती है और धन स्थायित्व प्राप्त होता है। यह स्तोत्र नकारात्मक ऊर्जा को दूर कर सौभाग्य और समृद्धि को आकर्षित करता है। इसके प्रभाव से कर्ज़ और दरिद्रता का नाश होता है, जिससे जीवन में स्थायी सुख-शांति बनी रहती है।

जो व्यक्ति श्रद्धा और समर्पण भाव से कनकधारा स्तोत्र का पाठ करता है, उसके जीवन में माँ लक्ष्मी की विशेष कृपा बनी रहती है। यह स्तोत्र दुर्भाग्य को सौभाग्य में बदलने की अद्भुत शक्ति रखता है और जीवन में धन, ऐश्वर्य और सुख-समृद्धि को बढ़ाता है।

कौन पढ़ सकता है कनकधारा स्तोत्र?

1. आर्थिक संकट या ऋण से परेशान लोगों को कनकधारा स्तोत्र का पाठ अवश्य करना चाहिए ।

2. व्यापार में वृद्धि और नौकरी में प्रमोशन प्राप्ति के लिए कनकधारा स्तोत्र का पाठ बहुत लाभकारी है।

3. यदि किसी का धन कहीं अटका है, तो कनकधारा स्तोत्र का पाठ करें। इससे रुका हुआ धन वापस मिलने की संभावना बढ़ती है।

4. जीवन में स्थायी समृद्धि और खुशहाली प्राप्ति हेतु भी कनक धारा स्त्रोत का पाठ भी एक बेहतर उपाय है

कनकधारा स्तोत्र पाठ कब करना चाहिए?

ब्रह्म मुहूर्त से प्रातः 9 बजे तक कनकधारा स्तोत्र का पाठ करना अत्यंत शुभ और फलदायी माना जाता है। इस समय सूर्य की ऊर्जा पूरे वातावरण में फैल रही होती है, जिससे चारों ओर सात्त्विकता और सकारात्मकता का संचार होता है।

इसके अलावा, संध्या काल (सूर्यास्त के बाद) में भी इस स्तोत्र का पाठ विशेष रूप से प्रभावशाली माना जाता है। इस समय देवी लक्ष्मी की कृपा प्राप्ति के योग अधिक प्रबल होते हैं।

हालाँकि, दिन के किसी भी समय कनकधारा स्तोत्र का पाठ किया जा सकता है, लेकिन सूर्योदय और सूर्यास्त के समय किए गए पाठ का प्रभाव कई गुना अधिक होता है, क्योंकि इन कालों में वातावरण में दिव्य ऊर्जा का प्रवाह सबसे अधिक सक्रिय रहता है।

कनकधारा स्तोत्र पढ़ने का सर्वोत्तम दिन कौन सा है?

नियमित रूप से कनकधारा स्तोत्र का पाठ करना अत्यंत शुभ और फलदायी माना जाता है। लेकिन यदि आप इसे अनुष्ठानिक रूप से करना चाहते हैं, तो इसकी सही शुरुआत और विधि का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है। इससे आपके अनुष्ठान की सफलता सुनिश्चित होगी और आपको पूर्ण फल की प्राप्ति होगी।

शुक्रवार का दिन देवी लक्ष्मी को समर्पित माना जाता है, इसलिए यदि आप कनकधारा स्तोत्र का अनुष्ठान प्रारंभ करना चाहते हैं, तो शुक्रवार से इसकी शुरुआत करें और फिर इसे नियमित रूप से जारी रखें।

यदि व्यस्तता के कारण प्रतिदिन पाठ करना संभव न हो तो: - आप सनातन ज्योति के दक्ष आचार्यों से संपर्क कर सकते हैं 

जो आपके लिए इस दिव्य पाठ को विधि-विधान से संपन्न करेंगे और माँ लक्ष्मी की कृपा प्राप्त करने में सहायक होंगे।

Youtube
Facebook
Instagram
Astrologer
हम से बात करें