सकट चौथ कब है?
वर्ष के प्रत्येक महीने में दो चतुर्थी तिथियां आती हैं - शुक्ल पक्ष की चतुर्थी और कृष्ण पक्ष की चतुर्थी। पूर्णिमा के बाद कृष्ण पक्ष में आने वाली चतुर्थी को संकष्टी चतुर्थी कहा जाता है। इस प्रकार संकष्टी चतुर्थी का व्रत प्रत्येक महीने रखा जाता है।
माघ मास की कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को सकट चौथ या संकट चौथ के रूप में मनाया जाता है। वर्ष 2027 में सकट चौथ का व्रत 25 जनवरी, सोमवार को रखा जाएगा। इस दिन भगवान गणेश की पूजा और व्रत किया जाता है तथा चंद्रमा के दर्शन और अर्घ्य के बाद व्रत खोलने की परंपरा है।
सकट चौथ का व्रत विशेष रूप से संतान के सुख, स्वास्थ्य, समृद्धि और दीर्घायु की कामना से रखा जाता है। इस दिन श्रद्धालु भगवान गणेश और सकट माता की पूजा-अर्चना करते हैं तथा अपनी संतान के कल्याण और परिवार की सुख-समृद्धि की प्रार्थना करते हैं। सकट चौथ को तिल-कुटा चौथ, वक्रतुंडी चतुर्थी और माघी चौथ जैसे नामों से भी जाना जाता है।
पूजा विधि की पूजा विधि
प्रातःकाल नित्यकर्म स्नानादि करने के बाद घर के पूजा मंदिर के पास चौकी में लाल कपड़ा बिछाकर श्री गणेश और सकट माता की मूर्ति स्थापित करें साथ ही व्रत रहने का संकल्प लें । इस व्रत को करने वाली महिलायें दिन भर निर्जल व्रत करती है और शाम के समय पूजन करने के बाद फलाहार करती हैं। अपने रीतिरिवाजों के अनुसार श्री गणेश जी व सकट माता का श्रद्धा भाव से पूजन करें। तिल, गुड़, घी, दूर्वा, सुपारी, लड्डू, इलायची और मेवा माता को अर्पित करें साथ ही पूड़ी पकवान का भोग भी अर्पित करें।
तिल,गुड़, घी को मिलाकर एक बकरे की आकृति बना ले और पुत्र से बकरे की गर्दन चाकू से कटवा दे। इस प्रकार जो महिलायें श्रद्धा भाव से माघ मास की चतुर्थी को भगवान गणेश और सकट माता की पूजा करती है भगवान गणेश की कृपा से उनकी संतानें समृद्धिशाली होती है साथ ही संतान को उच्च बल और बुद्धि प्राप्त होती है। इसके बाद उस प्रसाद को ग्रहण करें और सभी को प्रसाद का वितरण कर दें। चन्द्रमा दिखने पर चंद्रदेव को अर्घ्य दे साथ ही संतान की दीर्घायु की कामना करे।
सकट चौथ की संपूर्ण पूजा विधि, व्रत नियम, कथा और शुभ मुहूर्त से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने के लिए: - अभी हमारे आचार्य जी से निःशुल्क परामर्श लें और अपनी सभी जिज्ञासाओं का समाधान पाएं।
भगवान गणेश की जन्म की कथा
गणेश पुराण के अनुसार शौनक जी ने जब गणेश जी का चरित्र पूछा तब सूत जी ने उनका वर्णन करते हुए कहा- माता पार्वती जी की दो सखियाँ थी। जया और विजया। वे दोनों अत्यंत ही सुंदर, रूपवती, विवेकमयी, गुणवती और मधुभाषी थी। माता पार्वती उनका बहुत आदर करती थी। एक दिन उन सखियों ने माता पार्वती जी से निवेदन करते हुए कहा- सखी! अपना कोई गण नहीं है, इसलिए अपना एक निजी गण तो अवश्य ही होना चाहिए।
सखियों के इस प्रकार कहने पर माता पार्वती ने आश्चर्यपूर्वक कहा- ये क्या कह रही हो सखि! हमारे पास करोड़ों गण है, जो शीघ्र ही आज्ञा का पालन करने में तत्पर रहते है। फिर किसी अन्य गण की क्या जरूरत है? सखियों ने कहा- सभी गण शिव भगवान के है। वे उन्ही की आज्ञा को प्रमुख मानते है। नंदी, भृंगी आदि गण जो हमारे कहलाते है, वे भी भगवान की आज्ञा को ही सर्वोपरि मानते है। यदि आप कोई आदेश दे और शिव भगवान उस आदेश की अवहेलना करे तो आपके आदेश को कोई भी गण नहीं मानेगा।
आप पूछेंगी तो अवश्य ही कोई न कोई टालमटोल बता दिया जाएगा। पार्वती जी ने थोड़ा विचार किया और फिर कहा- ‘ये जो प्रथमगण है क्या इनमे से भी कोई मेरी आज्ञा की अवहेलना कर सकता है? सखियाँ पार्वती जी को समझाते हुए बोली-‘ प्रथमगण में तो कोई भी हमारा नहीं है, वे सभी भगवान महादेव जी के सैनिक है। शिव जी की आज्ञा से ही वे हमारी रक्षा करने और सभी कार्यों के प्रति देखरेख के लिए ही नियुक्त है इसलिए कृपा करके अपने लिए एक निजी गण का निर्माण अवश्य कीजिए। माता पार्वती ने अपनी सखियों की सलाह को स्वीकार तो कर लिया, किन्तु इस सुझाव को कार्यरूप में अभी सम्पन्न नहीं किया था। वह बात वहीं रही, और कुछ दिनों के साथ-साथ, वह इसे धीरे-धीरे भूल गई। एक दिन प्रातःकाल के समय, माता पार्वती स्नानकक्ष में स्नान के लिए जा रही थी। उन्होंने नंदी को आदेश दिया, "अगर कोई आए, तो रोक देना।" और फिर वे अंदर चली गईं। तभी भगवान शंकर कहीं से आकर भीतर प्रवेश करने लगे। नंदीश्वर ने उन्हें रोकते हुए प्रार्थना की, "माता जी स्नान कर रही हैं, इसलिए यही ठहरने की कृपा करे। इस पर शिव जी ने कहा- अरे करने दो स्नान। मुझे अत्यंत आवश्यक कार्य है।
इस प्रकार नंदी के वचनों की अवहेलना करके शिव जी सीधे स्नानकक्ष में जा पहुंचे। भगवान शिव जी के अचानक आगमन पर, स्नान करती हुयी जगत जननी लज्जावश अत्यंत सिमट गयी। शिव जी भी बिना कुछ कहे चुपचाप चले गए। फिर, स्नान करने के बाद, पार्वती वस्त्र पहनती हुई सोचने लगी कि जया और विजया का सुझाव सही था। मैंने व्यर्थ ही उसकी बात को अनसुना किया। यदि द्वार पर मेरा कोई निजी गण उपस्थित होता तो शिव जी को स्नानकक्ष में आसानी से नहीं आने देता। नंदी ने मेरी आज्ञा का निरादर किया।
अब ऐसा प्रतीत होता है कि समस्त गणों पर मेरा पूरा अधिकार नहीं है इसलिए एक ऐसा गण होना चाहिए जिस पर मेरा पूरा अधिकार हो जो मेरी आज्ञा की कभी उपेक्षा न करे, मेरा अपना हो। जो शिव जी के गण है वो शिव जी की आज्ञा होने पर ही मेरी आज्ञा मानते है लेकिन मेरा निजी गण मेरी आज्ञा से ही उनकी आज्ञा मानेगा। मन ही मन ऐसा चिंतन कर उन्होंने अपने अत्यंत पवित्र देह का मैल उतारा और उससे एक चेतन पुरुष का निर्माण कर डाला। जो सभी शुभ लक्षणों से भलीभाँति युक्त था। वह सभी पहलुओं में दोषरहित था, आदर्शणीय सौन्दर्य से युक्त था, उसका रूप अद्वितीय और चमकदार था, वह अत्यंत शक्तिशाली और पराक्रमी था।
माता पार्वती ने उसे अनेक प्रकार के वस्त्र, कई प्रकार के आभूषण और बहुत-सा उत्तम आशीर्वाद देकर कहा – 'तुम मेरे पुत्र हो। मेरे अपने ही हो। तुम्हारे समान प्यारा मेरा यहाँ कोई दूसरा नहीं है।' पार्वती के ऐसा कहने पर वह बालक उन्हें नमस्कार करके बोला। गणेश ने कहा- 'माता! आज आपको कौन-सा कार्य आ पड़ा है? मैं आपकी आज्ञा के अनुसार उसे पूर्ण करूँगा। गणेश के ऐसा पूछने पर पार्वती जी अपने पुत्र को उत्तर देते हुए बोलीं। पार्वती जी ने कहा -तात! तुम मेरे पुत्र हो, मेरे अपने हो। इसलिये तुम मेरी बात सुनो। आज से तुम मेरे द्वारपाल बन जाओ। सुपुत्र! मेरे आदेश के बिना कोई भी मेरे महल के भीतर प्रवेश न करने पाये, चाहे वह कहीं से भी आये, कोई भी हो। ऐसा कहकर पार्वती ने गणेश के हाथ में एक बहुत मज़बूत छड़ी दे दी। उस समय उनके सुन्दर रूप को देख कर पार्वती आनंद से भर गयी। उन्होंने परम स्नेहपूर्वक अपने पुत्र का मुख चूमा और छाती से लगा लिया। इसके बाद पार्वती जी ने छड़ी से युक्त गणेश को द्वार पर स्थापित कर दिया।
फिर पार्वती नन्दन महावीर गणेश माता पार्वती की आज्ञा के अनुसार हाथ में छड़ी लेकर गृह-द्वार पर पहरा देने लगे। उधर पार्वती अपने पुत्र गणेश को अपने दरवाजे पर नियुक्त करके स्वयं सखियों के साथ स्नान करने लगीं। इसी समय भगवान् शिव, जो परम लीलामय तथा कई प्रकार की लीलाएँ रचने में कुशल हैं, द्वार पर आ पहुँचे। गणेश, शिव जी को पहचानते तो थे नहीं, अतः बोल उठे- 'देव! माता की आज्ञा के बिना आप अभी भीतर नहीं जा सकते। माता स्नान करने बैठ गयी हैं। ऐसा कहकर गणेश ने उन्हें रोकने के लिये छड़ी हाथ में ले ली। उन्हें ऐसा करते देख शिवजी बोले- 'मूर्ख! तू किसे रोक रहा है ? क्या तू मुझे नहीं जानता? मैं शिव ही हूँ और कोई नहीं।
फिर महादेव के गण उसे समझाकर हटाने के लिये वहाँ आये और गणेश से बोले- सुनो, हम मुख्य शिवगण ही द्वारपाल हैं और सर्वव्यापक भगवान् शंकर के आदेश से तुम्हें हटाने के लिए यहाँ आये हैं। तुम्हें भी गण समझकर हमलोगों ने मारा नहीं है, अन्यथा तुम कब के मारे गये होते। अब चतुराई इसी में है कि तुम स्वयं ही दूर हट जाओ। क्यों फ़ालतू अपनी मृत्यु को बुलावा दे रहे हो? ऐसा कहने पर भी गणेशजी बिना डरे वहीं खड़े रहे। उन्होंने शिवगणों को फटकारा और दरवाजे को नहीं छोड़ा। तब उन सभी शिवगणों ने शिवजी के पास जाकर सारा हाल उन्हें सुनाया। उनसे सब बातें सुनकर संसार के गतिस्वरूप अद्भुत लीलाविहारी महादेव अपने उन गणों को डाँट, फटकार कर कहने लगे। महेश्वर ने कहा- 'गणो! यह कौन है ? जो इतना स्वेच्छाचारी होकर वैरी की भाँति बक रहा है? इस नये द्वारपाल को दूर भगा दो।
तुम लोग कायर की तरह खड़े होकर उसका समाचार मुझे क्यों सुना रहे हो ।' विचित्र लीला रचने वाले भगवान शंकर के ऐसा कहने पर वे गण दोबारा वहीं लौट आये। तत्पश्चात गणेश द्वारा दोबारा रोके जाने पर शिवजी ने गणों को आदेश दिया कि 'तुम पता लगाओ, यह कौन है और क्यों ऐसा कर रहा है?' गणों ने पता लगाकर बताया कि 'ये श्री पार्वती माता के पुत्र हैं तथा द्वारपाल के रूप में बैठे हैं।' तब लीलारूप शंकर ने अनोखी लीला करनी चाही तथा अपने गणों का गर्व भी गलित करना चाहा। इसलिये गणों को तथा देवताओं को बुलाकर गणेशजी से भयंकर युद्ध करवाया। पर वे कोई भी गणेश को हरा न सके। तब स्वयं हाथ में शूल धारण करनेवाले महेश्वर आये। गणेशजी ने माता के चरणों का स्मरण किया, तब शक्ति ने उन्हें बल प्रदान कर दिया। सभी देवता शिवजी के पक्ष में आ गये, भीषण युद्ध हुआ। अंत में स्वयं महादेव जी ने आकर त्रिशूल से गणेश जी का सिर काट दिया।
जब यह संदेश माता पार्वती जी को मिला, तब वे गुस्से से भर आयीं और बहुत-सी शक्तियों को प्रकट करके उन्होंने बिना कुछ सोचे समझे उन्हें प्रलय करने का आदेश दे दिया। फिर शक्तियों ने उत्पात मचाना शुरू कर दिया। उन शक्तियों का वह प्रज्वलित प्रकाश सभी दिशाओं को प्रज्वलित कर देता है। उसे देखकर सभी शिवभक्त डर गये और भागकर दूर खड़े हो गये।
उसी समय देवर्षि नारद वहाँ पहुँचे। नारद जी के वहाँ पहुँचने से देवता बहुत प्रसन्न हुए। तब नारद जी ने ब्रह्मा तथा अन्य देवताओं सहित शंकर जी को प्रणाम किया और कहा कि इस विषय पर सभी को मिलकर विचार करना चाहिए। तब वे सभी देवता नारद जी से परामर्श करने लगे कि इस दुःख को किस प्रकार कम किया जा सकता है। तब उन्होंने निश्चय किया कि जब तक माता पार्वती उन पर कृपा नहीं करेंगी, उन्हें सुख प्राप्त नहीं हो सकेगा। अब इस मामले में आगे सोचना बेकार है. ऐसा विश्वास लेकर नारद सहित सभी देवता और ऋषि-मुनि माता के क्रोध को शांत करने के लिए उनके पास गए और उन्हें प्रसन्न करने लगे। उन्होंने प्रेमपूर्वक उन्हें प्रसन्न करते हुए अनेक स्तोत्रों से उनकी स्तुति की और बार-बार उनके चरणों में नमस्कार किया।
देवर्षियों ने कहा- जगदम्बे ! तुम्हें नमस्कार है। शिवपलि! तुम्हें प्रणाम है। चण्डिके ! तुम्हें हमारा अभिवादन प्राप्त हो। कल्याणि ! तुम्हें बारंबार प्रणाम है। अम्बे! तुम्हीं आदि- शक्ति हो। आप पुण्य जगत की रचयिता, पालनकर्ता और संहारक हैं। देवी! आपका क्रोध समस्त संसार को व्याकुल कर रहा है इसलिए अब प्रसन्न होकर क्रोध को शांत करें। देवी! हम आपके चरणों में सिर झुकाते हैं।
सभी देवर्षि ऐसा कहकर अत्यन्त नम्रतापूर्वक, बेचैन हो हाथ जोड़कर चण्डिका के सामने खड़े हो गये। उनकी ऐसी बात सुनकर चंडिका(पार्वती) प्रसन्न हो गयी। उनके हृदय में करुणा भर गई। तब उन्होंने ऋषियों से कहा, हे ऋषियों! यदि मेरा पुत्र जीवित हो जाये और वह आपके बीच पूजनीय समझा जाये तो संहार नहीं होगा। संसार में शांति तभी हो सकती है जब आप सब मिलकर उसे ‘सर्वाध्यक्ष' का पद देंगे, अन्यथा आपको सुख नहीं मिल सकता। पार्वती की यह बात सुनकर सभी ऋषि-मुनि उन देवताओं के पास आये और सारा समाचार सुनाया। यह सुनकर इंद्र आदि सभी देवताओं के चेहरे पर उदासी छा गई। वे शंकरजी के पास गए, हाथ जोड़कर उनके चरणों में प्रणाम किया और सारा समाचार निवेदित किया। देवताओं की बात सुनकर भगवान शिव ने कहा- 'ठीक है, हमें भी ऐसा ही करना चाहिए, जिससे सभी लोकों को सुख मिले।
ऐसा कहकर शिव जी ने देवताओं को आज्ञा दी कि आप लोगों को अब उत्तर दिशा की ओर जाना चाहिए और जो प्राणी सबसे पहले मिले उसका सिर काटकर इस बालक के धड़ से जोड़ देना चाहिए। इसके बाद भगवान शिव की आज्ञा का पालन करने वाले देवताओं ने सारा काम पूरा कर दिया। उन्होंने बालक के शरीर को धोया-पोंछा और उसकी विधिवत पूजा की। फिर वे उत्तर की ओर चले गये। वहां उन्हें सबसे पहले एक दांत वाला हाथी मिला। वे उसका सिर ले आये और उस बालक के धड़ से जोड़ दिया। हाथी के उस सिर को जोड़ने के बाद सभी देवताओं ने भगवान शिव को प्रणाम किया और कहा कि हमने अपना काम पूरा कर लिया है।
अब जो कुछ करना बाकी है, उसे आप लोग पूरा करे। तब शिव के पालन के विषय में देवताओं से ऐसे वचन सुनकर सभी देवताओं और पार्षदों को बड़ी प्रसन्नता हुई। तदनन्तर ब्रह्मा, विष्णु आदि सभी देवताओं ने अपने स्वामी भगवान शंकर को निराकार रूप में प्रणाम करके कहा- 'स्वामिन्! जिस महात्मा की कोख से हम सब पैदा हुए हैं वही तेज इस बालक में वेद मंत्र के उच्चारण के साथ प्रविष्ट हो। इस प्रकार सभी देवताओं ने मिलकर वेद मंत्रों से जल को अभिमंत्रित किया, फिर भगवान शिव का स्मरण कर उस शुद्ध जल को बालक के शरीर पर छिड़क दिया।
जैसे ही जल उस बालक को छुआ, वह स्वेच्छा से सचेत हो गया और जीवित होकर ऐसे उठ बैठा जैसे सो रहा हो। वह भाग्यशाली बालक बहुत सुन्दर था। उनका मुख हाथी के समान है। शरीर का रंग हरा-लाल था। उसके चेहरे पर ख़ुशी खेल रही थी। उसकी आकृति बहुत खूबसूरत थी और उसकी सुंदरता की चमक फैल रही थी। उस बालक को जीवित देखकर वहां उपस्थित सभी लोग हर्षित हो गये और सभी का सारा दुःख दूर हो गया। तब सभी बहुत प्रसन्न हुए और उन्होंने बालक को पार्वती जी को दिखाया। अपने पुत्र को जीवित देखकर पार्वती जी अत्यंत प्रसन्न हुईं। इस प्रकार गणेश जी का प्राकट्य हुआ। जो श्री गणेश जी के इस चरित्र को सुनता है या पढ़ता है श्री गणेश उसके शुभ कार्यों में आने वाले विघ्नों को हर लेते है तथा श्रोता और वक्ता दोनों को ही अपने कार्यों में सफलता प्राप्त होती है।
सकट चौथ व्रत का महत्त्व
इस प्रकार जो महिलाये पूर्ण निष्ठा के साथ सकट चौथ का व्रत पूर्ण करती है उन्हें अभीष्ट फल की प्राप्ति होती है। भगवान गणेश उसके विघ्नो को सदा के लिए नष्ट कर देते हैं साथ ही सकट माता के प्रभाव से व्रती स्त्रियों की संतानों को स्वस्थ शरीर, बुद्धि और सामर्थ की प्राप्ति होती है।
