राम नवमी 2027 में गुरुवार, 15 अप्रैल को मनाई जाएगी। यह सनातन धर्म का प्रमुख पर्व है, जिसे भगवान श्री राम के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। राम नवमी चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को आती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसी पावन तिथि पर अयोध्या के राजा दशरथ और माता कौशल्या के घर भगवान श्री राम का जन्म हुआ था। इस दिन भक्त भगवान श्री राम की पूजा-अर्चना, रामचरितमानस का पाठ, भजन-कीर्तन और राम जन्मोत्सव मनाते हैं।
राम नवमी 2027 कब है?
राम नवमी 2027 में गुरुवार, 15 अप्रैल को मनाई जाएगी। यह पर्व चैत्र शुक्ल नवमी तिथि को मनाया जाता है। पंचांग के अनुसार, नवमी तिथि का प्रारंभ 14 अप्रैल 2027 को दोपहर 3:26 बजे होगा और नवमी तिथि 15 अप्रैल 2027 को दोपहर 1:23 बजे समाप्त होगी।
भगवान श्री राम का जन्म मध्याह्न काल में हुआ था, इसलिए राम नवमी के दिन मध्याह्न काल में भगवान श्री राम के जन्मोत्सव और पूजा का विशेष महत्व माना जाता है।
भगवान श्री राम के जीवन और माता सीता के जीवन का संबंध अटूट है।
माता सीता के प्राकट्य दिवस के रूप में मनाई जाने वाली: - सीता नवमी 2027 की तिथि, पूजा विधि और धार्मिक महत्व के बारे में भी विस्तार से जानें।
राम नवमी क्यों मनाई जाती है?
राम नवमी भगवान श्री राम के जन्मदिवस की स्मृति में मनाई जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, जब रावण और अन्य राक्षसों के अत्याचार से पृथ्वी तथा देवता पीड़ित हुए, तब भगवान विष्णु ने धर्म की स्थापना और अधर्म के नाश के लिए अयोध्या के राजा दशरथ के पुत्र के रूप में श्री राम का अवतार लिया।
इसी कारण राम नवमी को भगवान श्री राम के जन्मोत्सव के रूप में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है।
आइए जानते हैं कि प्रभु श्री राम जी का जन्म कैसे हुआ?
जब रावण, कुंभकर्ण और विभीषण तीनों भाइयों ने कठिन तपस्या की, तो उनका कठिन तप देखकर ब्रह्मा जी और शिव जी बहुत प्रसन्न हुए और बड़ी मीठी वाणी में बोले- मैं तुम्हारी तपस्या से प्रसन्न हूँ। वर मांगों।
रावण ने विनती करके कहा- हे विधाता! मुझे यह वर दीजिए कि मनुष्य और वानर को छोड़कर हम किसी के मारे न मरे। शिव जी और ब्रह्मा जी ने कहा ऐसा ही हो। वरदान पाकर रावण बहुत प्रसन्न हुआ। उसे इस बात का अहंकार हो गया था कि मनुष्य और वानर में मेरे जितना बल कभी नहीं होगा और मैं अजेय रहूँगा।
इसके बाद सभी राक्षसों ने पृथ्वी पर आतंक करना शुरू कर दिया। सभी राक्षस मायावी थे। वे बहुत ही क्रूर और मनुष्यों को पीड़ा देने वाले थे। दया-धर्म तो उनके सपने में भी नहीं था। एक बार रावण ने अपने अनगिनत परिवार को देखा तो वह बहुत खुश हुआ और समस्त राक्षस दलों से कहा- देवतागण हमारे शत्रु हैं। वे सामने आकर युद्ध नहीं करते, हमारे इतना बल उनमें नहीं है इसलिए वे भाग जाते हैं। उनका मरण एक ही उपाय से हो सकता है। धार्मिक कार्यों से देवताओं का बल बढ़ता है। ब्राह्मण भोजन, यज्ञ, हवन, अनुष्ठान और श्राद्ध आदि इन सब में तुम सब जाकर बाधा डालो। भूख से कमजोर होकर देवता बलहीन हो जाएंगे। तब वे हमारे पास अवश्य आएंगे, तब मैं उन्हें मार डालूँगा या फिर उन्हें अपने अधीन बनाकर छोड़ दूँगा।
रावण के चलने से पृथ्वी डगमगा उठी और उसकी गर्जना से सभी देवताओं ने सुमेरु पर्वत की गुफाओं का आश्रय लिया। इस प्रकार उसने सारे विश्व को अपने वश में कर लिया। उसके बल से सभी राक्षस पृथ्वी पर बहुत उपद्रव करने लगे। सभी धार्मिक कर्म बंद हो गए। जहाँ कहीं भी ब्राह्मणों को पाते थे, उस नगर और गाँव को आग लगा देते थे। उस समय गुरु और ब्राह्मण को कोई नहीं मानता था। न हरिभक्ति थी, न यज्ञ, न तप और न ही ज्ञान था। वेद और पुराण तो सपने में भी सुनने को नहीं मिलता था। राक्षस लोग बहुत अत्याचार कर रहे थे।
पृथ्वी ने देखा कि धर्म विपरीत हो गया है तो वह विचलित हो गई, पर रावण से भयभीत होकर कुछ कह नहीं सकती थी। सोच-विचारकर अंत में पृथ्वी ने गौ का रूप धारण किया और जहाँ सभी देवताओं ने आश्रय ले रखा था, वहाँ गई और रो-रो कर अपना दुःख कहने लगी। पर किसी के पास इतना बल न था कि रावण से युद्ध कर सके।
तब सभी देवता ब्रह्मा जी के पास गए। पृथ्वी भी गौ का रूप धारण किए हुए दुःख से अत्यंत पीड़ित देवताओं के साथ गई। ब्रह्मा जी को सब घटना बताई। तब ब्रह्मा जी ने पृथ्वी से कहा- मेरे वश में कुछ भी नहीं है। अब तो वही अविनाशी सबके सहायक हो सकते हैं जिनकी तुम दासी हो।
फिर सभी ने भगवान श्री हरि की स्तुति की। देवताओं और पृथ्वी को डरा जानकर, उनके प्यारभरे शब्दों को सुनकर, एक गंभीर आकाशवाणी हुई, जो दुःख और संदेह को दूर करने वाली थी-
‘हे देवताओं! डरो मत। आप सबके कल्याण के लिए मैं मनुष्य रूप धारण करूंगा। मैं पवित्र सूर्यवंश में अंशों सहित मनुष्य का अवतार लूँगा। कश्यप और अदिति ने बड़े भारी तप के कारण मैं उन्हें पहले ही वरदान दे चुका हूँ। वे ही दशरथ और कौशल्या के रूप में मनुष्यों के राजा होकर श्री अयोध्या पुरी में प्रकट हो चुके हैं। उन्हीं के घर जाकर मैं रघुकुल में चार भाइयों के रूप में अवतार लूँगा और पृथ्वी का सब भार हर लूँगा। आप लोग निर्भय हो जाओ।’
आकाशवाणी सुनकर सभी का हृदय शीतल हो गया। फिर सब देवता अपने-अपने लोक को चले गए।
राजा दशरथ धर्म-धुरंधर, गुणों के भंडार और ज्ञानी थे। उनका मन सदैव श्री हरि में ही लगा रहता था। कौसल्या आदि सभी प्रिय रानियाँ भी पवित्र आचरण वाली थीं। वे अपने पति के अनुकूल ही चलने वाली थीं। उनका भी श्री हरि के चरणकमलों में बड़ा प्रेम था।
एक बार राजा के मन में बड़ा दुःख उत्पन्न हुआ कि मेरे पुत्र नहीं हैं। यह बात उन्होंने गुरु वसिष्ठ जी को बताई। गुरु वसिष्ठ जी ने कहा कि धीरज रखो, तुम्हारे चार पुत्र होंगे। फिर गुरु वसिष्ठ जी ने शृंगी ऋषि आदि मुनियों को बुलवाकर पुत्रकामेष्टि यज्ञ करवाया।
मुनि के भक्ति सहित आहुति देने पर अग्निदेव हाथ में हविष्यान्न खीर लिए प्रकट हुए। राजा ने अपनी तीनों रानियों को वह हविष्यान्न खीर बाँट दी। इस प्रकार उस खीर को खाने से राजा की तीनों रानियाँ गर्भवती हो गईं और जब यह समाचार राजा को मिला तो वे बहुत प्रसन्न हुए।
जब योग, लग्न, ग्रह, वार और तिथि सभी अनुकूल हो गए, जड़ चेतन सब हर्ष से भर गए, तब पवित्र चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को अभिजीत मुहूर्त में अविनाशी, अंतर्यामी, सर्वव्यापक, परम आनंद देने वाले, इंद्रियों से परे, पवित्र चरित्र वाले, माया से रहित, मोक्षदाता, सेवकों को सुख देने वाले, असुरों का नाश करने वाले प्रभु पुरुषोत्तम श्री राम जी का जन्म हुआ।
श्री राम जी के जन्म दिवस को ही हम सभी लोग राम नवमी के रूप में मनाते हैं। 2027 में राम नवमी 15 अप्रैल, गुरुवार को मनाई जाएगी।
राम नवमी के अवसर पर पूजा, व्रत या किसी धार्मिक अनुष्ठान को लेकर आपके मन में कोई प्रश्न है: - तो निःशुल्क परामर्श के माध्यम से हमारे विशेषज्ञ से मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।
अलग-अलग राज्यों में राम नवमी अलग-अलग तरीके से मनाई जाती है। राम नवमी के दिन लोग भगवान राम के चरित्र, कथाओं और उनके उपदेशों को स्मरण करते हैं तथा भजन-कीर्तन करते हैं।
विशेष रूप से रामचरितमानस के विभिन्न प्रसंगों और श्री राम के जीवन से जुड़े वचनों का पाठ किया जाता है।
