नर्मदा जयंती कब है?
प्रत्येक वर्ष माघ मास के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि को नर्मदा जयंती मनाई जाती है। इस दिन मां नर्मदा की पूजा-अर्चना की जाती है और भक्त नर्मदा नदी के तट पर स्नान, पूजन तथा धार्मिक अनुष्ठान करते हैं। वर्ष 2027 में नर्मदा जयंती 13 फरवरी 2027, शनिवार को मनाई जाएगी।
नर्मदा नदी की विशेषता
यह दुनिया की एकमात्र ऐसी नदी है जिसकी परिक्रमा इसलिए की जाती है क्योंकि इसके हर घाट पर पवित्रता का वास होता है और इसके घाट पर महर्षि मार्कंडेय, अगस्त्य, महर्षि कपिल और कई ऋषियों ने तपस्या की है।
मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र राज्यों से होकर बहने वाली नर्मदा नदी धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व रखती है इसलिए इस नदी को पवित्र माना जाता है और इसे "माता नर्मदा" के रूप में पूजा जाता है।
यह जयंती नर्मदा नदी के महत्व को उजागर करने के लिए मनाते हैं साथ ही यह शुभ अवसर लोगों को उनके सम्मान में नर्मदा माता के पवित्र स्थानों पर जाने का अवसर प्रदान करता है। इस दिन लोग नर्मदा नदी के तट पर जाते हैं, पूजा-अर्चना करते हैं और नर्मदा माता का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। नर्मदा जयंती के दौरान कई स्थानों पर धार्मिक कार्यक्रम, भजन-कीर्तन, जुलूस और रैलियां आयोजित की जाती हैं।
नर्मदा नदी का अवतरण
इनके अवतरण की घटना पुराणों में मिलती है। उन्ही में एक घटना यहां प्रस्तुत की गयी है जिसका प्रमाण स्कंदपुराण के रेवाखंड में है।
युधिष्ठिर ने मार्कण्डे जी से पूछा कि कृपा करके यह बताइए कि इस मृत्युलोक पर नर्मदा नदी का अवतरण कैसे हुआ? युधिष्ठिर के इस प्रश्न पर मार्कण्डेयजी ने बताया कि क्षत्रियकुल में उत्पन्न पुरूकुत्सु नामक एक महान यशस्वी राजा थे, उन्होंने सबसे पहले एक हजार वर्ष तक महादेव जी की आराधना की। उनकी तपस्या से संतुष्ट होकर महादेव जी ने पूछा- राजन्! तुम्हें कौन सा वर चाहिए?
राजा ने कहा- 'भगवन्! नर्मदा नाम की एक अत्यन्त पवित्र नदी है, उसे आप इस पृथ्वी पर अवतरित करने की कृपा करे। महादेव जी ने कहा- राजन! यह न मांग कर कोई और वरदान मांग लो. ' यह सुनते ही महान क्षत्रिय पुरुकुत्सु अचेत होकर पृथ्वी पर गिर पड़े। यह देखकर शिवजी ने कहा- राजन! तुम ठीक हो जाओ। नदियों में सर्वोत्तम नर्मदा को मैं मृत्युलोक में भेजता हूँ।
'तत्पश्चात महादेव जी के कहने पर पर्यंक नामक पर्वत ने महानदी नर्मदा के प्रवाह को स्वीकार कर लिया। राजा और देवताओं के साथ देवी नर्मदा बड़े वेग से चलती हुई पर्यंक पर्वत की चोटी पर पहुँच गईं, जहाँ प्राचीन काल में राजा पृथु ने अश्वमेध यज्ञ किया था। महानदी नर्मदा बांस की जड़ से निकली है। उस समय सभी देवताओं, दानवों और ऋषियों ने उनकी पूजा की और उनसे शरण मांगी और कहा- आज हमारा जन्म सफल हो गया अतःआप अपने हाथ से देवताओं का स्पर्श करो जिससे हम सब पवित्र हो जाए।
माँ नर्मदा ने कहा- मैं अभी तक कुंवारी हूँ, मेरा कोई पति नहीं है। इसलिए मैं देवताओं को छू नहीं सकती। देवताओं ने कहा कि जिसने तुम्हें इस भूतल में प्रकट किया है वही तुम्हारे पति बनने योग्य है। प्राचीन काल में भगवान ब्रह्मा के शाप के कारण समुद्र मृत्यु लोक में चला गया और पुरुकुत्सु नामक राजा के रूप में जन्मा। वह देवतुल्य क्षत्रिय पुरुकुत्सु ही तुम्हारे लिए सर्वोत्तम वर है । देवताओं की बात सुनकर माँ नर्मदा ने पुरुकुत्सु को अपना पति स्वीकार कर लिया।राजा पुरुकुत्सु ने कहा-नर्मदे! आप एक देवी हैं। मुझ पर कृपा करें, जिससे मेरे पूर्वज स्वर्ग जायें और मुझे भी महान् यश मिले।
नर्मदा ने कहा- राजेन्द्र, ऐसा ही हो। जो कुछ तुम मुझसे चाहते हो, वह सब तुम्हें मेरे प्रसाद से प्राप्त होगा। इतना कहकर देवी नर्मदा पर्यंक पर्वत से निकलकर पश्चिम की ओर चली गईं। वह धनुष से छोड़े गये बाण के समान बड़े वेग से पृथ्वी को भेदती हुई और पर्वत शिखरों को तोड़ती हुई चली जा रही थी। उस समय वह विंध्य पर्वत क्षेत्र में जहां-जहाँ गयी वहाँ-वहाँ स्नान किया जाता है।
नर्मदा नदी का महत्व
नदियां ही हमारी जीवन स्रोत है क्योंकि बिना जल के जीवन संभव नहीं है । पूर्वकाल से ही हमारा नदियों के साथ गहरा संबंध रहा है । नदियों के जल से केवल फसल ही नहीं उत्पन्न होती है बल्कि इन नदियों ने हमारे देश में बहुत सी सभ्यताओं को जन्म दिया साथ ही आज भी उनका पालन पोषण कर रहीं हैं। आज भी हमारे देश के बड़े बड़े शहर इन नदियों के किनारे बसे हैं। हमारे देश की अधिकांश सभ्यता और सस्कृति नदियों के किनारे ही फली फुली है। यही कारण है कि हमारी संस्कृति में इन नदियों को देवी का रूप माना गया है ।
प्राचीन काल में लोग पीने के पानी,स्नान एवं अन्य कार्यों के लिए इन नदियों के जल पर ही आश्रित रहते थे परंतु आज के समय में लोग अपने इन सभी कार्यों के लिए नलकूपों, कुओं एवं अन्य स्रोतों पर निर्भर हो गए है लेकिन आज भी हमे इस बात को नहीं भूलना चाहिए कि नलकूपों , कुओं में अब भी जल इन नदियों से ही आता है अतः हमे इन नदियों को स्वच्छ बनाए रखना चाहिए।
नदियों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए यदि हम जागरुक नहीं होंगे और स्वयं उन्हें स्वच्छ रखने की पहल नहीं करेंगे तो प्रकृति से मिले इस बहुमूल्य खजाने को हम खो देंगे जिसके बाद पृथ्वी पर जीवित सभी प्राणियों को अपने जीवन का निर्वाह करना मुश्किल हो जाएगा।
