Sanatan Logo
Ganesh Logo
Download Astro Sanatanjyoti App
नृसिंह जयंती: प्रह्लाद की भक्ति और नृसिंह अवतार की कथा
लेखक: अमित बाजपेयी

नृसिंह जयंती: प्रह्लाद की भक्ति और नृसिंह अवतार की कथा

नृसिंह जयंती 2027 में 18 मई, मंगलवार को मनाई जाएगी। यह पर्व वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि को भगवान विष्णु के नृसिंह अवतार के प्राकट्य की स्मृति में मनाया जाता है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान विष्णु ने अपने भक्त प्रह्लाद की रक्षा तथा हिरण्यकश्यप के अत्याचार का अंत करने के लिए आधे मनुष्य और आधे सिंह के स्वरूप में नृसिंह अवतार धारण किया था। इसी कारण नृसिंह जयंती को भगवान विष्णु के भक्तवत्सल और धर्म की रक्षा करने वाले स्वरूप के रूप में विशेष श्रद्धा के साथ मनाया जाता है।

नृसिंह अवतार की कथा

प्राचीन काल में कश्यप ऋषि के दो पुत्र थे । एक का नाम 'हिरण्याक्ष' और दूसरे का नाम हिरण्यकशिपु था। कश्यप ऋषि के ये दोनों पुत्र अत्यंत पराक्रमी व बलशाली थे ।

भगवान विष्णु ने कश्यप के पुत्र 'हिरण्याक्ष' का वध वराह अवतार रखकर कर दिया था इसलिए हिरण्यकशिपु भगवान विष्णु को अपना शत्रु मानता था और भगवान विष्णु से प्रतिशोध लेने के लिए उसने ब्रह्मा जी की कई वर्षों तक कठोर तपस्या की।ब्रह्मा जी हिरण्यकशिपु की तपस्या से प्रसन्न हुए और वरदान मांगने को कहा। तब हिरण्यकशिपु ने ब्रह्मा जी से वरदान माँगा- हे प्रभु! यदि आप मुझ पर प्रसन्न हैं तो मुझे ऐसा वर दीजिए कि आपके द्वारा बनाए किसी भी प्राणी से मेरी मृत्यु न हो - चाहे वह मनुष्य हो या जानवर, चेतन हो या निर्जीव, देवता हो या दानव या सर्प आदि। न घर के भीतर न बाहर, न दिन में, न रात में, न शस्त्र से, न पृथ्वी पर, न आकाश में और न आपके बनाये प्राणियों के अतिरिक्त किसी भी अन्य प्राणी से मेरी मृत्यु हो। युद्ध में मेरा सामना कोई नहीं कर सकता. जिस प्रकार इंद्र के समान समस्त लोकों में आपकी महिमा होती है, उसी प्रकार मेरी भी महिमा हो। मुझे वही अनंत ऐश्वर्य दीजिए जो तपस्वियों और योगियों को प्राप्त होता है।

ब्रह्मा जी ने हिरण्यकशिपु से कहा की वत्स तुम जो वरदान हमसे मांग रहे हो वह अत्यंत दुर्लभ है परंतु तुम्हारी कठिन तपस्या के कारण दुर्लभ होने पर भी मैं तुम्हें वे सब वर दिए देता हूँ ।

हिरण्यकशिपु ब्रह्मा जी के वर से सशक्त होकर सम्पूर्ण त्रिलोक को अपने वशीभूत कर लिया था। वह इंद्र का भोग स्वयं करता था तथा स्वयं ही सूर्य, वायु, अग्नि, वरुण और चन्द्रमा बना हुआ था। उस दैत्य का अत्याचार इतना बढ़ गया था कि उसके आतंक के भय से देवतागण मनुष्य का शरीर धारण कर पृथ्वी पर विचरने लगे थे।

हिरण्यकशिपु के 4 पुत्र थे जो अत्यंत तेजस्वी ,पराक्रमी और दैत्य वंश को बढ़ाने वाले थे । परंतु उनमे से प्रह्लाद नामक पुत्र श्री विष्णु भगवान का परम भक्त था। प्रह्लाद का जन्म राक्षस कुल में हुआ था परंतु फिर भी उनमें दैत्यों वाले गुण नहीं थे। प्रह्लाद सदैव अपने पिता के अत्याचारों का विरोध करता था । प्रह्लाद शिक्षा ग्रहण करने के लिए अपने गुरु के पास रहता था। एक दिन वह धर्मात्मा बालक गुरूजी के साथ अपने पिता हिरण्यकशिपु के पास आया। तब उस दैत्यराज ने अपने चरणों में झुके हुए अपने परम तेजस्वी पुत्र प्रह्लाद को उठाकर गुरु द्वारा दी गयी शिक्षा के विषय में पूछा।

प्रह्लाद श्री हरी के परम भक्त थे गुरु द्वारा दी गयी शिक्षा के बजाय वे श्री विष्णु जी की वंदना करने लगे। यह देखकर हिरण्यकशिपु क्रोधित हो गया और दैत्यों को प्रह्लाद को मार डालने की आज्ञा दी। दैत्यराज की आज्ञा पाकर दैत्यों ने प्रह्लाद पर अनेक प्रकार के शस्त्रों से आघात किए परंतु श्री विष्णु जी की कृपा से प्रहलाद को तनिक भी वेदना नहीं पहुंची ,प्रह्लाद ज्यों के त्यो खड़े विष्णु जी की स्तुति करते रहे । यह सब देखकर हिरण्यकशिपु क्रोध मे भर गया और गर्जना करते हुए बोला- अरे मूर्ख ! अब तू उस विपक्षी की स्तुति करना छोड़ दे। प्रह्लाद बोले -हे तात ! जिनके स्मरणमात्र से जन्म और मृत्यु आदि के समस्त भय दूर हो जाते है। उन सकल भयहारी अनंत के हृदय में स्थित रहते, मुझे किसी का भय कहा रह सकता है ? इतना सुनते ही दैत्यराज की आँखे क्रोध से लाल हो गयी। क्रोध की ज्वाला में हिरण्यकशिपु इस प्रकार जल रहा था कि उसने अपने ही पुत्र का विनाश करने का आदेश तक्षक जैसे विषैले सर्प को दे दिया। आज्ञा पाते ही अतिक्रूर और विषधर तक्षक आदि सर्पों ने प्रह्लाद के समस्त अंगों में काटा। जैसे ही सर्पों ने प्रह्लाद को नुकसान पहुचाना चाहा सर्पों की दाढ़े टूट गयी,मणियाँ चटकने लगी, फणों में पीड़ा होने लगी और हृदय काँपने लगा परंतु श्री हरी की भक्ति में लीन उस भक्त प्रह्लाद के शरीर को तिनका मात्र भी नुकसान नहीं पहुंचा।

जब प्रह्लाद को सर्प भी नुकसान नहीं पहुँचा पाए तो दैत्यराज ने गुस्से में आगबबूला होकर प्रह्लाद को जला डालने का आदेश दिया। दैत्यराज के पुरोहितों ने ऐसा न करने की प्रार्थना की और अपने साथ भक्त प्रह्लाद को ले गए। वहां और भी दैत्यों के पुत्र थे, प्रह्लाद जी ने उनसे कहा दैत्यकुलोत्पन्न बालको मेरी बात ध्यान से सुनो, सभी जीव जन्म, बाल्यावस्था और फिर यौवन प्राप्त करते है, तत्पश्चात दिन-प्रतिदिन वृद्धावस्था की प्राप्ति भी अनिवार्य ही है। ऐसा कहकर वे भगवान विष्णु जी की स्तुति करने का उपदेश देने लगे। ये सब दैत्यराज पुरोहितो ने सुन लिया और उसे अति तीक्ष्ण प्रबलकारी विष का प्याला पीने को दिया। परन्तु भक्त प्रह्लाद पर उस तीक्ष्ण विष का भी कोई प्रभाव नहीं पड़ा। जिससे क्रोधित होकर पुरोहितों ने अग्निशिखा के समान प्रज्ज्वलित शरीर वाली कृत्या का आवाहन किया, पर श्री हरी की कृपा से अग्नि की दहकती हुयी लपटें भक्त प्रह्लाद को शीतलता का अनुभव करा रही थी। यह देख दैत्य पुरोहित अति क्रोधित हुए और प्रह्लाद के छाती पर त्रिशूल से वार किया। जिसके फलस्वरूप भी प्रह्लाद को कोई वेदना नहीं हुयी और वे ज्यों के त्यों खड़े रहे। उस अग्नि के प्रभाव से दैत्यराज के पुरोहित नष्ट हो गए। जिसे देखकर भक्त प्रह्लाद श्री हरी से उन पुरोहितों को पुनः जीवित करने की याचना करने लगे। श्री हरी ने उन्हें पुनः जीवित कर दिया, इसके बाद पुरोहितो ने दैत्यराज के पास आकर सारा वृतांत सुनाया। श्री विष्णु की भक्ति से प्रह्लाद का मन हटाने और उसमें दैत्यों के जैसे गुण भरने के लिए हिरण्यकशिपु ने बहुत प्रयास किए। नीति-अनीति सभी का प्रयोग किया, किंतु प्रह्लाद अपने मार्ग से विचलित न हुआ। इससे विस्मय होकर दैत्यराज ने प्रह्लाद से इन विफल हुए कृत्यों का कारण पूछा तब प्रह्लाद जी श्री हरी की प्रबलता के विषय में अपने पिता दैत्यराज को बताने लगे। इस प्रकार भक्त प्रह्लाद ने श्री हरी की स्तुति करनी नहीं छोड़ी और दैत्यराज अपने पुत्र प्रह्लाद को मारने का प्रयत्न करता रहा। कभी उसे ऊँची पहाड़ी से फिकवाया, हाथियों के पैरो से कुचलवाया, समुद्र में चट्टानों से बांधकर फिकवाया, आग से जलवाया आदि प्रयास करता रहा, पर श्री हरी की कृपा से उसके सब प्रयास विफल होते रहे।

प्रह्लाद को मारने के इतने सारे प्रयास करने के बाद भी जब प्रह्लाद का बाल बांका नहीं हुआ तो एक दिन स्वयं ही दैत्यराज ने प्रह्लाद को एक स्तम्भ में रस्सी से बांध दिया और क्रोध मे आंखे लाल किए हुए पूछा कि कहाँ है तेरा भगवान् विष्णु? प्रह्लाद ने मुस्कराते हुए जवाब दिया कि हे दैत्य राज श्री हरी इस संसार के कण कण में विराजमान है। प्रह्लाद की मुस्कराहट को देखकर दैत्यराज क्रोध में भर गया और झल्लाते हुए बोला- रे मूर्ख क्या इस स्तम्भ में भी तुम्हारा भगवान् है ? क्या वो तुझे बचाने इस स्तम्भ से निकलकर आएगा। इस प्रकार कहते हुए दैत्यराज ने जैसे ही प्रह्लाद पर मार डालने की चेष्टा से प्रहार किया वैसे ही स्तम्भ को फाड़कर श्री हरी प्रह्लाद की रक्षा करने के लिए नृसिंह के रूप में प्रकट हो गए और दैत्यराज हिरण्यकशिपु का वध कर डाला। इस प्रकार श्री हरी ने अपने भक्त प्रह्लाद की रक्षा की और उस दानव के भय को भी समाप्त कर दिया।

इस प्रकार श्री हरि ने नृसिंह का रूप धारण कर पृथ्वी लोक व समस्त देवता गणों को दैत्यराज हिरण्यकशिपु के अत्याचार से मुक्त किया और मानव जाति का कल्याण किया। इस कारण भगवान विष्णु के नृसिंह रूप का स्मरण करने के लिए इस दिन को नृसिंह जयंती के रूप में मनाया जाता है।

विष्णु जी ने क्यों लिया था नृसिंह रूप का अवतार ?

ऋषि कश्यप के दो पुत्र थे। दोनों पुत्र अति बलशाली और महाप्रक्रमी थे। हिरण्यकशिपु भगवान विष्णु को अपना शत्रु मानता था । विष्णु जी से प्रतिशोध लेने के लिए हिरण्यकशिपु ने ब्रह्मा जी की कठोर तपस्या की और उन्हे खुश करके उनसे मन चाहा वरदान प्राप्त कर लिया। हिरण्यकशिपु ने ब्रह्मा जी से वरदान मांगा कि उसे न कोई मनुष्य मार सके न ही कोई पशु, न वह दिन में मारा जाए न ही रात में, न वह जमीन पर मारा जा सके और न ही आसमान में और न ही किसी अस्त्र या शस्त्र से मार जा सके।

जब ब्रह्मा जी ने हिरण्यकशिपु को इस प्रकार का वरदान दे दिया तो वह वरदान पाकर खुद को ही भगवान समझने लगा और उसने देवताओं पर अत्याचार करना शुरू कर दिया उसके अत्याचार से देवता भी कांपने लगे। उसने इन्द्र का सिंहासन तक छीन लिया और अहंकार के वशीभूत होकर स्वयं उस पर विराजमान हो गया । इस प्रकार उसने तीनों लोको मे स्वयं को ही भगवान घोषित कर दिया और स्वयं की ही पूजा कराने लगा। ब्रह्मा जी के वरदान के कारण वह मृत्यु से भय मुक्त था। अतः हिरण्यकशिपु के वरदान के विपरीत भगवांन विष्णु ने हिरण्यकशिपु को मारने के लिए ऐसा अवतार लिया जिसमे न तो वे पूरी तरह से मनुष्य थे न ही पशु थे। इस प्रकार आधे नर और आधे पशु के रूप मे भगवान विष्णु ने अपने बड़े बड़े नाखूनों से हिरण्यकशिपु वध कर दिया।

नृसिंह जयंती का महत्त्व

नर्सिंगह अवतार भगवान विष्णु जी ने भक्त प्रह्लाद की रक्षा व देवताओ को हिरण्यकशिपु के अत्याचार से मुक्त करने तथा पृथ्वी वासियों को भी असुरों के अत्याचार से मुक्त कराने के लिए लिया था। अतः जो जातक नर्सिंगह जयंती के दिन भगवान विष्णु के नर्सिंगह अवतार की भक्ति भाव के साथ पूजा अर्चना करता है उनकी सभी मनोकामनाए पूर्ण होती है। उसके जीवन के सभी मानसिक व शारीरिक कष्ट दूर हो जाते है। और अंत समय में जातक को मुक्ति का मार्ग प्राप्त होता है।

Youtube
Facebook
Instagram
Astrologer
हम से बात करें